भीड़ में बिछड़ी चार वर्षीय मासूम को पुलिस ने परिजनों से मिलाया
हरिद्वार, 15 जून (हि.स.)। दरगाह साबिर पाक कलियर में जियारत के दौरान परिजनों से बिछड़ी 4 वर्षीय बालिका को पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सकुशल खोजकर उसके परिवार के सुपुर्द कर दिया। पुलिस की इस संवेदनशील और त्वरित कार्रवाई की परिजनों ने सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।
जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश के सीतापुर जनपद के तालगांव निवासी एक महिला थाना कलियर पहुंची और बताया कि वह अपने परिवार के साथ कलियर शरीफ जियारत के लिए आई थीं। दरगाह क्षेत्र में अत्यधिक भीड़ होने के कारण उनकी चार वर्षीय पुत्री उनसे बिछड़ गई।
सूचना मिलते ही थाना कलियर पुलिस ने तत्काल सभी ड्यूटी प्वाइंटों को सतर्क कर बालिका की तलाश शुरू कर दी। इसी दौरान पीपल चौक पर तैनात पुलिसकर्मियों को एक चार वर्षीय बच्ची रोते हुए लावारिस अवस्था में मिली, जो अपना नाम और पता बताने में असमर्थ थी। पुलिस ने आसपास काफी तलाश की, लेकिन उसके परिजन नहीं मिले। सुरक्षा की दृष्टि से बच्ची को थाना कलियर लाया गया।
बाद में थाना पहुंची महिला ने बच्ची की पहचान अपनी पुत्री माफिया बानो (4 वर्ष), पुत्री मुजीब अहमद के रूप में की। आवश्यक सत्यापन के बाद पुलिस ने बालिका को सकुशल उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

