home page

भाजपा को झटका, वरिष्ठ नेता प्रमोद खारी ने इस्तीफा दिया

 | 
भाजपा को झटका, वरिष्ठ नेता प्रमोद खारी ने इस्तीफा दिया


हरिद्वार, 18 जुलाई (हि.स.)। उत्तराखंड की राजनीति में भारतीय जनता पार्टी को लक्सर विधानसभा क्षेत्र से बड़ा झटका लगा है। पार्टी के वरिष्ठ नेता प्रमोद खारी ने शनिवार काे भाजपा की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपना इस्तीफा प्रदेश अध्यक्ष को भेजते हुए व्यक्तिगत कारणों का उल्लेख किया है, हालांकि राजनीतिक हलकों में इसे लंबे समय से चली आ रही नाराजगी से जोड़कर देखा जा रहा है।

प्रमोद खारी ने कहा कि राज्य की भाजपा सरकार में गुर्जर समाज की लगातार उपेक्षा की जा रही है। उनका आरोप है कि समाज से जुड़े मुद्दों को गंभीरता से नहीं लिया जाता और सरकारी अधिकारी जनप्रतिनिधियों तथा कार्यकर्ताओं की बात सुनने के बजाय उनकी अनदेखी करते हैं।

उन्होंने कहा कि जब कार्यकर्ताओं को सम्मान और उनकी बातों को महत्व नहीं दिया जाएगा, तो पार्टी में बने रहने का कोई औचित्य नहीं रह जाता। उनके अनुसार, समाज और क्षेत्र की समस्याओं को लगातार उठाने के बावजूद अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई।

लक्सर विधानसभा क्षेत्र में गुर्जर समाज के बीच मजबूत जनाधार रखने वाले प्रमोद खारी लंबे समय से भाजपा के सक्रिय और प्रभावशाली नेताओं में गिने जाते रहे हैं। ऐसे में उनके इस्तीफे को आगामी राजनीतिक समीकरणों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला