‘विज्ञान मंडल’ पत्रिका का हुआ विमोचन
उत्तरकाशी, 28 फरवरी (हि.स.)। पीएम श्री कमलाराम नौटियाल राजकीय इंटर कॉलेज धौंतरी में विद्यालय की वार्षिक विज्ञान पत्रिका ‘विज्ञान मंडल’ का विमोचन किया गया। यह पत्रिका छात्र-छात्राओं के वैज्ञानिक शोध, नवाचार और रचनात्मक प्रतिभा का सशक्त मंच है।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य शांति प्रसाद नौटियाल ने महान भारतीय वैज्ञानिक एवं नोबेल पुरस्कार विजेता सी. वी. रमन को नमन करते हुए किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय विज्ञान दिवस का उद्देश्य नई पीढ़ी को जिज्ञासा, नवाचार और अनुसंधान के प्रति प्रेरित करना है। ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों में अपार नैसर्गिक प्रतिभा होती है, जिसे ‘विज्ञान मंडल’ जैसी पत्रिकाएं सशक्त मंच प्रदान कर व्यापक पहचान दिलाने का कार्य करती हैं।
पत्रिका के संपादक डॉ. शंभू प्रसाद नौटियाल ने संपादन अनुभव साझा करते हुए वर्ष 2026 की थीम ‘विज्ञान में महिलाएं: विकसित भारत को उत्प्रेरित करना’ पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि इस अंक में बाल वैज्ञानिकों ने दैनिक जीवन में विज्ञान, जलवायु परिवर्तन, सतत विकास और आधुनिक तकनीक जैसे समसामयिक विषयों पर अपने मौलिक शोध एवं विचार प्रस्तुत किए हैं। पत्रिका में ‘विकसित भारत’ के निर्माण में महिलाओं के वैज्ञानिक योगदान पर विशेष चर्चा भी शामिल की गई है।
इस अवसर पर भौतिक विज्ञान के शिक्षक अनिल सेमल्ट, डॉ. अचला चन्दोक, राजेश पनियाल, कुलदीप विष्ट, अरुण नौटियाल, शिवम बहुखंडी सहित विद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी एवं विज्ञान के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों ने ‘विज्ञान मंडल’ को विद्यालय की उल्लेखनीय उपलब्धि बताते हुए विद्यालय परिवार को बधाई दी।
हिन्दुस्थान समाचार / चिरंजीव सेमवाल

