ईडी कार्रवाई पर सवाल उठाने से पहले कांग्रेस अपने शासन का हिसाब दे : उनियाल
-कार्रवाई की टाइमिंग पर सवाल राजनीतिक लाभ की मंशा : चमोली
देहरादून, 12 सितंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने भर्ती अनियमितताओं और ईडी की कार्रवाई को लेकर कांग्रेस पर पलटवार करते हुए कहा कि जांच एजेंसियों की कार्रवाई पर सवाल उठाने के बजाय कांग्रेस को अपने शासनकाल में हुई कथित अनियमितताओं की जवाबदेही देनी चाहिए।
कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल और प्रदेश प्रवक्ता एवं धर्मपुर विधायक विनोद चमोली ने अलग-अलग बयानों में कांग्रेस पर निशाना साधा।
मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि वर्ष 2016 में भर्ती समेत विभिन्न मामलों को लेकर गंभीर सवाल उठे थे। उन्होंने कहा कि उस दौर से जुड़े मामलों की जांच आगे बढ़ रही है तो कांग्रेस को इसे राजनीतिक प्रतिशोध बताने के बजाय अपने शासनकाल की कार्यशैली पर जवाब देना चाहिए।
उन्होंने सिडकुल, यूबीटीईआर, आयुर्वेद विश्वविद्यालय, दरोगा और पटवारी भर्ती समेत विभिन्न मामलों का उल्लेख करते हुए कहा कि भर्ती में अनियमितता का सीधा असर मेहनत और प्रतिभा के आधार पर नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं पर पड़ता है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली सरकार ने नकल और पेपर लीक के खिलाफ सख्त कानून लागू किया है और भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए कार्रवाई की जा रही है।
चमोली ने कहा कि ईडी की कार्रवाई की टाइमिंग पर सवाल उठाने से जांच का औचित्य खत्म नहीं हो जाता। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस जांच आगे बढ़ने पर राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार और भर्ती अनियमितताओं के मामलों में कार्रवाई चुनावी समय देखकर नहीं रोकी जानी चाहिए।
चमोली ने कहा कि धामी सरकार के कार्यकाल में नकल विरोधी कानून के तहत नकल माफिया के खिलाफ कार्रवाई की गई है और बड़ी संख्या में लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। उन्होंने कहा कि सरकार भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए प्रतिबद्ध है और किसी भी अनियमितता में शामिल व्यक्ति को संरक्षण नहीं दिया जाएगा।
भाजपा प्रवक्ता ने पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत की ओर से इस्तीफे की पेशकश को भी राजनीतिक कदम बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं को जांच एजेंसियों की कार्रवाई पर सवाल उठाने के बजाय भर्ती मामलों में कानून को अपना काम करने देना चाहिए।
-----
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

