home page

सनसनी नहीं, जिम्मेदारी है पत्रकारिता : जिलाधिकारी

 | 
सनसनी नहीं, जिम्मेदारी है पत्रकारिता : जिलाधिकारी


हरिद्वार, 16 नवंबर (हि.स.) राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर सोमवार को जिला सूचना कार्यालय की ओर से प्रेस क्लब सभागार में ‘पत्रकारिता: सनसनी या जिम्मेदारी’ विषय पर गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी में पत्रकारिता के बदलते स्वरूप, मीडिया की विश्वसनीयता, सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव और पत्रकारों की सामाजिक जिम्मेदारी पर विस्तार से चर्चा हुई।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कहा कि डिजिटल और एआई के दौर में सूचनाएं तेजी से पहुंच रही हैं, ऐसे में पत्रकारिता की विश्वसनीयता बनाए रखना पहले से अधिक महत्वपूर्ण हो गया है। खबरों की प्राथमिकता लोकप्रियता या सनसनी के आधार पर नहीं, बल्कि जनहित और समाज पर पड़ने वाले प्रभाव के आधार पर तय होनी चाहिए।

उन्होंने पत्रकारों से अपील की कि किसी भी खबर को प्रकाशित करने से पहले उसके तथ्यों और स्रोतों की पुष्टि अवश्य करें। अपुष्ट, भ्रामक और सनसनीखेज खबरों से बचें तथा एआई और सोशल मीडिया से मिलने वाली सूचनाओं की भी सत्यता जांचें। पत्रकारिता लोकतंत्र का महत्वपूर्ण स्तंभ है, इसके मूल सिद्धांत सत्य, निष्पक्षता, पारदर्शिता और जनहित हैं।

गोष्ठी में वरिष्ठ पत्रकार विजेंद्र हर्ष, सुनील दत्त पांडे, आदेश त्यागी, डॉ.रजनीकांत शुक्ला, राजकुमार और गुलशन नैयर ने भी विचार रखे। वक्ताओं ने पीत पत्रकारिता और सनसनीखेज खबरों पर चिंता जताते हुए तथ्यपरक पत्रकारिता पर जोर दिया।

कार्यक्रम का संचालन प्रेस क्लब अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी ने किया। जिला सूचना अधिकारी रतीलाल शाह ने सभी का आभार व्यक्त किया।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला