home page

राष्ट्र सेविका समिति का विजयदशमी उत्सव व शस्त्र पूजन कार्यक्रम

 | 
राष्ट्र सेविका समिति का विजयदशमी उत्सव व शस्त्र पूजन कार्यक्रम


हरिद्वार, 25 अक्टूबर (हि.स.)। राष्ट्र सेविका समिति, हरिद्वार की ओर से रविवार को प्राचीन अवधूत मंडल आश्रम में विजयदशमी उत्सव एवं शस्त्र पूजन कार्यक्रम हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में रोहिताश कुंवर उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता ऋचा गुप्ता ने की। भगवा ध्वज के समक्ष आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सेविकाओं, बालिकाओं और मातृशक्ति ने भाग लिया। मुख्य वक्ता रोहिताश कुंवर ने विजयदशमी के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह पर्व असत्य पर सत्य और अधर्म पर धर्म की विजय का प्रतीक है।

उन्होंने नारी शक्ति को राष्ट्र की आधारशिला बताते हुए संगठन में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। अध्यक्षीय उद्बोधन में ऋचा गुप्ता ने कहा कि राष्ट्र सेविका समिति महिलाओं में आत्मविश्वास, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति के संस्कारों को प्रबल करती है।

शस्त्र पूजन के दौरान शक्ति के सदुपयोग, आत्मरक्षा और समाज व राष्ट्र के प्रति कर्तव्यनिष्ठा का संदेश दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि शस्त्र केवल सुरक्षा के लिए है, उसका उपयोग समाज के कल्याण और राष्ट्र रक्षा के लिए होना चाहिए। कार्यक्रम के अंत में नगर कार्यवाहिका दीप्ति सिंह ने सभी का आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रांत व्यवस्था प्रमुख रेखा झा, विभाग कार्यवाहिका वंदना शर्मा, सह नगर कार्यवाहिका प्रियंका पोखरियाल, सह नगर कार्यवाहिका रेनु शर्मा, प्रगति गुप्ता, डॉ. नीता नग्यान, नीरज शर्मा, सुमन सहगल, सुनीता सहित समिति की अनेक सेविकाओं का विशेष सहयोग रहा।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला