home page

लालढांग रेंज स्टोर से पांच हाथी दांत गायब, दो रेंजर निलंबित

 | 
लालढांग रेंज स्टोर से पांच हाथी दांत गायब, दो रेंजर निलंबित


हरिद्वार, 12 नवंबर (हि.स.)। लालढांग रेंज के स्टोर से पांच हाथी दांत गायब होने के मामले में वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। जांच रिपोर्ट के आधार पर रेंजर अनुराग जोशी और प्रभारी रेंजर भगवत प्रसाद को निलंबित कर दिया गया है। सीसीएफ एचआरडी पी.के. पात्रो ने दोनों के निलंबन की पुष्टि की है।

डीएफओ हरिद्वार की अध्यक्षता में हुई जांच में रेंजर, फॉरेस्टर और लिपिक की लापरवाही सामने आई थी। दरअसल, लालढांग रेंज के स्टोर में हाथियों के करीब 15 दांत दर्ज थे। लेकिन मौके पर जांच में केवल 10 दांत ही मिले। शेष पांच दांत गायब पाए गए।

विभाग ने इसे गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कराई और यमकेश्वर थाने में एफआईआर भी दर्ज कराई गई।

हाल ही में हुई विभागीय जांच में स्टोर में रखे हाथी दांतों के रिकॉर्ड, सुरक्षा और रखरखाव में गंभीर लापरवाही सामने आई। जांच रिपोर्ट में रेंजर, प्रभारी रेंजर, फॉरेस्टर और लिपिक की भूमिका पर सवाल उठाए गए। इसके बाद दो रेंजरों को निलंबित कर दिया गया।

स्टोर से पांच हाथी दांत गायब होने की घटना ने विभाग की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हाथी दांत वन्यजीव अपराधों की जांच में महत्वपूर्ण साक्ष्य माने जाते हैं।

हालांकि निलंबन के बाद भी पूरी गुत्थी सुलझना बाकी है। गायब दांत कहां गए और उनका वजन कितना था, यह अब तक स्पष्ट नहीं हो पाया है। अब निगाहें आगे की जांच पर टिकी हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला