युवाओं को उद्यमिता व स्वरोजगार के लिए किया प्रेरित
कोटद्वार, 27 मार्च (हि.स.)। उत्तराखंड को पौड़ी गढ़वाल जिले के कोटद्वार जिला उद्योग केंद्र के तत्वावधान में आयोजित रैम्प एवं स्टार्ट-अप कार्यशाला में युवाओं को उद्यमिता और स्वरोजगार के प्रति प्रेरित किया गया। कार्यशाला में विभिन्न विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों को नवाचार, व्यवसाय प्रारंभ करने की प्रक्रिया और सरकारी योजनाओं से जुड़ने के तरीकों की जानकारी दी।
कार्यशाला का शुभारंभ जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक सोमनाथ गर्ग ने किया। उन्होंने उद्योग विभाग की ओ से संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए युवाओं को स्वरोजगार अपनाने और नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की कार्यशालाएं युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने में सहायक सिद्ध होंगी।
कार्यशाला के दौरान उद्योग निदेशालय, देहरादून से रोहित श्रीवास्तव ने वर्चुअल माध्यम से रैम्प एवं स्टार्ट-अप योजनाओं की जानकारी दी, जबकि संदीप अग्रवाल ने एमएसएमई से संबंधित योजनाओं पर प्रकाश डाला। आईआईएम काशीपुर के प्रशांत कुकरेती ने स्टार्ट-अप शुरू करने की प्रक्रिया, आवश्यकताओं और संभावनाओं पर मार्गदर्शन प्रदान किया।
औद्योगिक निर्माता संघ के सचिव विवेक चौहान ने अपने अनुभव साझा करते हुए उद्यम स्थापना की चुनौतियों एवं समाधान पर चर्चा की।
कार्यक्रम में आयुष राज्य मंत्री जयदीप बिष्ट, गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष राजेंद्र अंथवाल, उत्तराखंड महिला मोर्चा की अध्यक्ष रुचि भट्ट, जिला उद्योग केंद्र के प्रबंधक आर.पी. आर्य, उपासना सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

