home page

श्री राम के राज्याभिषेक के साथ नरेंद्रनगर में रामलीला का समापन

 | 
श्री राम के राज्याभिषेक के साथ नरेंद्रनगर में रामलीला का समापन


नई टिहरी, 20 नवंबर (हि.स.)। नरेंद्रनगर रामलीला समिति के तत्वावधान में आयोजित 68वीं रामलीला का भगवान श्रीराम के राज्याभिषेक के साथ समापन हो गया। इस अवसर पर नरेंद्रनगर बाजार में भगवान राम, लक्ष्मण, सीता और हनुमान की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा के स्वागत में बड़ी संख्या में लोग उमड़े और जगह-जगह पुष्पवर्षा कर श्रद्धालुओं ने स्वागत किया।

रामलीला समिति के संरक्षक एवं पालिकाध्यक्ष राजेंद्र विक्रम सिंह पंवार ने रामलीला मंचन की सराहना करते हुए सभी कलाकारों को स्मृति चिह्न और पुरस्कार देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि बालिका कलाकारों ने अपने सशक्त अभिनय से दर्शकों का दिल जीत लिया। रामलीला की सबसे प्रेरणादायक बात यह रही कि स्थानीय बालिकाओं ने भगवान राम सहित प्रमुख पात्रों की भूमिका निभाकर नारी सशक्तीकरण का संदेश दिया।

उन्होंने बताया कि राम की भूमिका हिमांशी भंडारी, लक्ष्मण की रिया कैंतुरा, सीता की प्रियांशी भंडारी, भरत की अंकिता पुंडीर और शत्रुघ्न की सृष्टि ने निभाई। सभी कलाकारों ने अपने जीवंत अभिनय से खूब वाहवाही बटोरी।

समिति के अध्यक्ष रमेश असवाल ने कहा कि कड़ाके की ठंड के बावजूद रामलीला के दौरान बड़ी संख्या में दर्शक पहुंचे और कलाकारों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने अगले वर्ष रामलीला मंचन को और भव्य बनाने का प्रयास करने की बात कही। साथ ही समिति के मुख्य संरक्षक, नरेंद्रनगर विधायक एवं स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल के सहयोग के लिए आभार जताया।

शोभायात्रा के बाद महाआरती और प्रसाद वितरण के साथ रामलीला महोत्सव संपन्न हुआ। इस मौके पर आशीष बिजल्वाण, सुधांशु, हितेश जोशी, अंगद, शौर्य, अंशुमन भंडारी, राधेश्याम, द्वारिका प्रसाद जोशी, साकेत बिजल्वाण, संतोष राणा, सुरेश शर्मा, महेश गुसाईं, दिनेश कर्णवाल, धूम सिंह नेगी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी