उत्तरकाशी में सैनिक भाइयों को सेविका बहनों ने बांधी राखी,सेवा-संस्कार और राष्ट्रभक्ति का दिया संदेश
उत्तरकाशी, 28 अगस्त (हि.स.)। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर सेविका समिति,उत्तरकाशी की ओर से सैनिक भाइयों के साथ आत्मीयता और राष्ट्रभाव से ओत-प्रोत कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान सेविका समिति के बहनों ने सैनिकों का तिलक कर उनकी कलाई पर रक्षा सूत्र बांधा और देश की सुरक्षा में उनके योगदान के प्रति सम्मान, स्नेह एवं कृतज्ञता व्यक्त की।
कार्यक्रम में सेविका बहनों ने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के प्रेम और विश्वास का पर्व नहीं, बल्कि उन लोगों के प्रति आभार व्यक्त करने का अवसर भी है जो देश और समाज की सुरक्षा के लिए निरंतर अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हैं। सैनिक अपने परिवार से दूर रहकर देश की सीमाओं और आंतरिक सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे में उनके साथ रक्षाबंधन मनाना भावनात्मक रूप से विशेष महत्व रखता है।
सेविका बहनों ने सैनिक भाइयों के माथे पर तिलक लगाया और उनकी कलाई पर राखी बांधकर उनके स्वस्थ, सुरक्षित एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। सैनिकों ने भी बहनों की इस आत्मीय पहल के लिए आभार जताया और रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रभाव और देशभक्ति से जुड़ा वातावरण बना रहा।
इस अवसर पर समिति की जिला कार्यवाहिका सीमा सजवान,जिला व्यवस्था प्रमुख ललिता पंवार, नगर कार्यवाहिका नेहा बिष्ट और शारीरिक प्रमुख आनंदी माजी उपस्थित रहीं। समिति को समय-समय पर सहयोग प्रदान करने वाली भाजपा कार्यकर्ता सरिता नौटियाल और सावित्री मखलोता ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।
कार्यक्रम में समिति की छोटी-छोटी सेविका बहनों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। उन्होंने सैनिक भाइयों को राखी बांधी और उनके प्रति अपना स्नेह एवं सम्मान व्यक्त किया। बच्चों की सहभागिता ने कार्यक्रम को और भावनात्मक बना दिया।
सेविका बहनों ने कहा कि सैनिकों की सेवा, त्याग और समर्पण के कारण देशवासी सुरक्षित वातावरण में अपने त्योहार मना पाते हैं। रक्षाबंधन पर सैनिक भाइयों को रक्षा सूत्र बांधना उनके प्रति समाज की जिम्मेदारी और कृतज्ञता का प्रतीक है। कार्यक्रम का उद्देश्य सैनिकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने के साथ राष्ट्रभाव, सेवा, संस्कार और भाई-बहन के पवित्र रिश्ते को मजबूत करना है। उपस्थित सभी लोगों ने सैनिक भाइयों के स्वस्थ, सुरक्षित और सुखद जीवन की मंगलकामना की।
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेन्द्र नौटियाल

