उत्तराखंड के कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, देहरादून में बारिश से मौसम हुआ सुहाना
देहरादून, 06 जुलाई (हि.स.)। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून समेत कई क्षेत्रों में सोमवार सुबह से रुक-रुक कर बारिश हो रही है, जिससे मौसम सुहाना हो गया है और लोगों को उमस से राहत मिली है। इसी बीच मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार बागेश्वर जिले में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। रुद्रप्रयाग, चमोली, उत्तरकाशी, टिहरी, पिथौरागढ़ और नैनीताल जिलों में भी कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। पर्वतीय जिलों में तेज गर्जन, आकाशीय बिजली और बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर की भी आशंका जताई गई है।
प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान नदी-नालों के किनारे जाने से बचने, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में सतर्कता बरतने और मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनियों का पालन करने की अपील की है।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

