home page

दून में बारिश से पुश्ता ढहा, पांच मकान क्षतिग्रस्त, महिला घायल

 | 
दून में बारिश से पुश्ता ढहा, पांच मकान क्षतिग्रस्त, महिला घायल


देहरादून, 12 जुलाई (हि. स.)। देहरादून में लगातार हो रही बारिश के बीच के पठरिया पीर क्षेत्र स्थित विजय कॉलोनी की नई बस्ती में देर रात एक पुश्ता ढह जाने से चार से पांच मकान क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे में एक महिला घायल हो गई, जबकि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार, शनिवार रात करीब साढ़े नौ बजे पुश्ता ढहने की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस और राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) की टीमें मौके पर पहुंचीं। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने भी देर रात घटनास्थल का निरीक्षण कर राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी की।

मलबे में लोगों के दबे होने की सूचना पर तत्काल खोज एवं राहत अभियान चलाया गया। इस दौरान नई बस्ती निवासी विमला देवी (62) पत्नी स्वर्गीय बृजेश को हल्की चोटें आईं हैं। उन्हें एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत सामान्य बताई गई।

प्रशासन ने एहतियात के तौर पर पुश्ते के समीप स्थित सभी मकानों को खाली कराकर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया है। प्रभावित क्षेत्र में लोगों के प्रवेश पर भी रोक लगा दी गई है।

जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को पुश्ते की तकनीकी जांच कराने, क्षेत्र की लगातार निगरानी रखने और आवश्यक सुरक्षा उपाय तत्काल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस, एसडीआरएफ और अन्य संबंधित विभागों की टीमें मौके पर तैनात हैं तथा स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए हैं।-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय