home page

लगातार दूसरे दिन बारिश से जनजीवन प्रभावित, बढ़ी ठंड

 | 

पौड़ी गढ़वाल, 30 अक्टूबर (हि.स.)। शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन मौसम का मिजाज बदला रहा। सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे और दिनभर रुक-रुककर बारिश का दौर जारी रहा। बारिश के चलते तापमान में गिरावट आने से ठंड बढ़ गई। अचानक बदले मौसम का असर आम जनजीवन पर भी देखने को मिला। बारिश के कारण बाजारों में लोगों की आवाजाही कम रही, वहीं जरूरी काम से घरों से बाहर निकले लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।

पौड़ी मुख्यालय सहित पाबौ, थलीसैंण, पोखड़ा, सतपुली और आसपास के क्षेत्रों में मौसम सर्द बना रहा। लगातार बारिश के चलते लोग गर्म कपड़ों का सहारा लेते नजर आए। वहीं, कई स्थानों पर लोग बारिश थमने का इंतजार करते रहे। ग्रामीण क्षेत्रों में भी बारिश के कारण रोजमर्रा के कामकाज प्रभावित हुए। दो दिनों से मौसम में आए बदलाव के चलते ठंड का असर बढ़ने से लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह