home page

उत्तराखंड में भारी बारिश को लेकर प्रशासन अलर्ट, आपात स्थिति से निपटने को राहत टीमें तैयार

 | 
उत्तराखंड में भारी बारिश को लेकर प्रशासन अलर्ट, आपात स्थिति से निपटने को राहत टीमें तैयार


देहरादून, 26 सितंबर (हि.स.)। उत्तराखंड में भारी बारिश और मौसम विभाग की चेतावनी के बीच राज्य का आपदा प्रबंधन तंत्र पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि राज्य और जिला स्तर पर मौसम की स्थिति की लगातार निगरानी की जा रही है।

मदन कौशिक ने कहा कि सभी संबंधित अधिकारियों और विभागों को आवश्यक एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में तैनात फील्ड टीमें सतर्क हैं और किसी भी आपात स्थिति में राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने के लिए संसाधन तैयार रखे गए हैं। उन्होंने आमजन से मौसम खराब होने की स्थिति में अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी-नालों और बरसाती गदेरों के आसपास नहीं जाने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रशासन की चेतावनियों और दिशा-निर्देशों का पालन किया जाए। सरकार की प्राथमिकता प्रदेशवासियों की सुरक्षा है और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास सचिव विनोद कुमार सुमन ने शनिवार को राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र में प्रदेश की स्थिति की समीक्षा की और विभिन्न जिलों के अधिकारियों से बारिश तथा संभावित चुनौतियों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी प्रदेश में बारिश और आपदा प्रबंधन की तैयारियों का अपडेट लिया है। मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में सभी जिलों और संबंधित विभागों को पूरी सतर्कता के साथ कार्य करने को कहा गया है।

उन्होंने जिलाधिकारियों को भूस्खलन संभावित क्षेत्रों, संवेदनशील सड़क मार्गों, नदी-नालों और जलभराव वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस, एसडीआरएफ, स्वास्थ्य, लोक निर्माण, विद्युत और पेयजल समेत सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से काम करने के निर्देश दिए।

मौसम विभाग की 27 सितंबर की चेतावनी के मद्देनजर देहरादून, टिहरी गढ़वाल, पौड़ी गढ़वाल, हरिद्वार और रुद्रप्रयाग में रेड अलर्ट, उत्तरकाशी, चमोली और ऊधमसिंह नगर में ऑरेंज अलर्ट तथा नैनीताल, बागेश्वर, अल्मोड़ा, चंपावत और पिथौरागढ़ में येलो अलर्ट जारी किया गया है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय