अर्द्धकुंभ 2027: हरिद्वार में रेलवे की तैयारियां तेज, 10 हजार क्षमता का बनेगा होल्डिंग एरिया
हरिद्वार, 08 अप्रैल (हि.स.)। हरिद्वार में वर्ष 2027 में प्रस्तावित अर्द्धकुंभ मेले को लेकर रेलवे प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। यात्रियों की सुविधा और भीड़ प्रबंधन को ध्यान में रखते हुए मुरादाबाद रेल मंडल और अर्द्धकुंभ मेला प्रशासन के बीच समन्वय स्थापित कर रणनीति तैयार की जा रही है।
अर्द्धकुंभ मेला प्रभारी सोनिका और मंडलीय रेल प्रबंधक मुरादाबाद विनीता श्रीवास्तव के बीच हुई बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। इसके तहत हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर लगभग 10 हजार यात्रियों की क्षमता वाला होल्डिंग एरिया विकसित किया जाएगा। साथ ही अतिरिक्त टिकट काउंटर स्थापित किए जाएंगे तथा मोतीचूर और ज्वालापुर रेलवे स्टेशनों का विस्तार किया जाएगा।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार अर्द्धकुंभ का शुभारंभ जनवरी 2027 में मकर संक्रांति के शाही स्नान के साथ होगा। इससे पूर्व हरिद्वार क्षेत्र के 10 रेलवे स्टेशनों का व्यापक अपग्रेडेशन किया जाएगा। इनमें हरिद्वार, योग नगरी ऋषिकेश, मोतीचूर, हर्रावाला, ज्वालापुर, रायवाला, वीरभद्र, लक्सर, एक्कड़ और पथरी स्टेशन शामिल हैं।
इन स्टेशनों पर ठहरने की सुविधा, स्वच्छ शौचालय, पेयजल, टिकटिंग और सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ किया जाएगा। इसके अतिरिक्त आसपास के छोटे स्टेशनों को भी विकसित कर मुख्य स्टेशनों पर यात्री दबाव कम करने की योजना बनाई गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

