home page

खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, होटल से सूजी और अचार के नमूने लिए

 | 
खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, होटल से सूजी और अचार के नमूने लिए


हरिद्वार, 22 अक्टूबर (हि.स.)। आगामी त्योहारों को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरी पर अंकुश लगाने के लिए सघन निरीक्षण अभियान चलाया। गुरुवार को टीम ने भूपतवाला के होटल से सूजी, अचार निर्माता के वाहन से अचार और औद्योगिक क्षेत्र की बेकरी से मैदा के नमूने लिए।

खाद्य सुरक्षा सहायक आयुक्त महिमानंद जोशी के नेतृत्व में अभियान चला। वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी कैलाश चंद्र टम्टा ने भूपतवाला के होटलों और प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। एक होटल में मिलावट की आशंका पर सूजी का नमूना लिया गया।

इसी दौरान अचार आपूर्ति करने वाली कंपनी के वाहन की जांच में मिथ्या छाप लेबलिंग वाला अचार मिलने पर उसका नमूना लिया गया। कंपनी को नोटिस जारी किया गया है।

औद्योगिक क्षेत्र की बेकरी में इस्तेमाल हो रहे मैदा की गुणवत्ता पर संदेह होने पर उसका भी नमूना जांच के लिए भेजा गया। रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई होगी।

विभाग ने अधोमानक पनीर के निर्माण और आपूर्ति के मामले में सरधाना डेयरी एंड फूड्स प्रा. लि., मेरठ के डायरेक्टर के खिलाफ खाद्य सुरक्षा अधिनियम की धारा 51 के तहत एडीएम न्यायालय में वाद दायर किया है।

वहीं, भूपतवाला के एक होटल में अधोमानक पनीर इस्तेमाल करने पर होटल स्वामी पर भी वाद दायर किया गया है। धारा 51 के तहत पांच लाख रुपये तक जुर्माने का प्रावधान है। विभाग ने कहा कि गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए अभियान जारी रहेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला