home page

राहुल गांधी का जन्मदिन सादगी से मनाया, संघर्ष और विचारों को किया याद

 | 
राहुल गांधी का जन्मदिन सादगी से मनाया, संघर्ष और विचारों को किया याद


हरिद्वार, 19 जून (हि.स.)। ऋषिकुल स्थित कांग्रेस कार्यालय में शुक्रवार को महानगर कांग्रेस (अनुसूचित विभाग) और वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का जन्मदिन सादगीपूर्वक मनाया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना करते हुए उनके राजनीतिक संघर्ष और विचारधारा को याद किया।

महानगर अध्यक्ष (अनुसूचित विभाग) मनोज जाटव और वरिष्ठ कांग्रेस नेता सोम त्यागी ने कहा कि राहुल गांधी भारतीय राजनीति के संवेदनशील, जुझारू और जनप्रिय नेताओं में शामिल हैं। उन्होंने कहा कि यह दिन केवल जन्मदिन का उत्सव नहीं, बल्कि उनके संघर्ष, विचारों और देश के प्रति दृष्टिकोण को याद करने का अवसर भी है।

वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोज सैनी और पूर्व युवा कांग्रेस अध्यक्ष रवीश भटीजा ने कहा कि राहुल गांधी ने राजनीति को सत्ता प्राप्ति का माध्यम नहीं, बल्कि जनसेवा का जरिया माना है।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा और भारत जोड़ो न्याय यात्रा के माध्यम से राहुल गांधी ने देशभर के किसानों, युवाओं, मजदूरों और महिलाओं की समस्याओं को नजदीक से समझने का प्रयास किया।

वरिष्ठ कांग्रेस नेता संजय सैनी और पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष विकास चंद्रा ने कहा कि राहुल गांधी की सबसे बड़ी ताकत उनकी निडरता और ईमानदारी है। उन्होंने कहा कि युवाओं के रोजगार, किसानों के अधिकार और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा जैसे मुद्दों पर वह लगातार जनता की आवाज उठाते रहे हैं।

इस अवसर पर चंदन शर्मा, राजू चित्कारा, जवाहर चावला, कमल सैनी, जावेद आलम, राजबीर सैनी, मुकुल, दीपक गौतम, गुलशन शर्मा, शिवम वाल्मीकि, मनोज, पप्पू सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला