इंफ्रास्ट्रक्चर विकास को नई दिशा देने का रोडमैप तैयार : मुख्यमंत्री धामी
पीडब्ल्यूडी मास्टर प्लान पुस्तिका का विमोचन
देहरादून, 17 अप्रैल (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को सचिवालय में लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की ओर से तैयार आगामी पांच वर्षों (2026–2031) की मास्टर प्लान पुस्तिका का विमोचन किया। इस पुस्तिका में राज्य के बुनियादी ढांचे के विकास से जुड़े 100 से अधिक परियोजनाओं का विजन प्रस्तुत किया गया है।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड पर्यटन हब के रूप में उभर रहा है, ऐसे में कनेक्टिविटी और इंफ्रास्ट्रक्चर को सुदृढ़ करना आवश्यक है। टेक्नोलॉजी और इनोवेशन के जरिए विकास को नई दिशा दी जा रही है। यह मास्टर प्लान राज्य में मजबूत, सुरक्षित और भविष्य उन्मुख इंफ्रास्ट्रक्चर के निर्माण का मार्ग प्रशस्त करेगा। उन्होंने कहा कि “विजन के साथ विकास” राज्य सरकार की प्राथमिकता है और यह पुस्तिका विकसित भारत 2047 के लक्ष्यों को प्राप्त करने में सहायक सिद्ध होगी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड में सड़कों और अन्य आधारभूत संरचनाओं का तेजी से विस्तार हुआ है। राज्य सरकार भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए नवाचार और तकनीक के माध्यम से विकास कार्यों को आगे बढ़ा रही है।
कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि विभाग स्पष्ट विजन के साथ कार्य कर रहा है और कनेक्टिविटी को सुदृढ़ बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
सचिव लोक निर्माण विभाग डॉ. पंकज कुमार पांडेय ने बताया कि मास्टर प्लान पुस्तिका में 100 से अधिक परियोजनाओं का विजन शामिल किया गया है।
उन्होंने कहा कि समय की आवश्यकता के अनुसार इसमें संशोधन भी किए जाएंगे। पुस्तिका में रोड कनेक्टिविटी, इकोनॉमी हब कनेक्टिविटी, ब्रिज डेवलपमेंट एवं सेफ्टी, सड़क सुरक्षा व स्लोप प्रोटेक्शन, टेक्नोलॉजी, वित्तीय प्रबंधन और पॉलिसी जैसे प्रमुख क्षेत्रों पर विभाग की प्राथमिकताएं निर्धारित की गई हैं।
इस अवसर पर उपाध्यक्ष अवस्थापना अनुश्रवण परिषद् विश्वास डाबर, प्रमुख अभियंता राजेश चन्द्र शर्मा,मुख्य अभियंता रणजीत रावत,राजेन्द्र सयाना,अधीक्षण अभियंता मनोज बिष्ट,अरूण पाण्डेय,अधिशासी अभियंता बी.एन.द्विवेदी,राजेश कुमार,नीरज त्रिपाठी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

