home page

रिवर्स पलायन के लिए विभागीय योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें: मुख्यमंत्री

 | 
रिवर्स पलायन के लिए विभागीय योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें: मुख्यमंत्री


- मुख्यमंत्री ने ग्राम्य विकास एवं पलायन निवारण आयोग की बैठक में अधिकारियों को दिए निर्देश

देहरादून, 21 अगस्त (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पर्वतीय क्षेत्रों में रिवर्स पलायन को बढ़ावा देने के लिए विभागीय योजनाओं का प्रभावी और समन्वित क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ाकर युवाओं को अपने गांव में ही आजीविका के साधन उपलब्ध कराने की दिशा में ठोस प्रयास किए जाएं।

मुख्यमंत्री आवास में शुक्रवार को उनकी अध्यक्षता में ग्राम्य विकास एवं पलायन निवारण आयोग की बैठक हुई। बैठक में पर्वतीय क्षेत्रों से पलायन की स्थिति, रिवर्स पलायन को प्रोत्साहित करने, स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने और स्थानीय उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने पर चर्चा हुई।

आयोग की ओर से विभिन्न जिलों में आयोजित प्रवासी पंचायतों तथा पलायन निवारण एवं स्वरोजगार जागरूकता कार्यक्रमों की जानकारी मुख्यमंत्री को दी गई। आयोग के सदस्यों ने पर्वतीय क्षेत्रों में रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने और रिवर्स पलायन को गति देने के लिए सुझाव भी दिए।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सुझावों पर गंभीरता से विचार कर प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग अपनी योजनाओं और गतिविधियों के माध्यम से समन्वित रूप से कार्य करें और योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना सुनिश्चित करें।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को स्वरोजगार और आजीविका से जुड़ी योजनाओं की जानकारी सरल तरीके से गांव स्तर पर उपलब्ध कराई जाए। योजनाओं का लाभ लेने के लिए लोगों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों और बैंकों के चक्कर न लगाने पड़ें,इसके लिए प्रक्रियाओं को सरल बनाया जाए।

मुख्यमंत्री ने स्थानीय संसाधनों,पारंपरिक ज्ञान और कौशल को रोजगार से जोड़ने पर जोर देते हुए स्थानीय उत्पादों की गुणवत्ता,ब्रांडिंग और बाजार उपलब्धता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रिवर्स पलायन केवल रोजगार उपलब्ध कराने से नहीं,बल्कि गांवों में बेहतर आजीविका,सुविधाएं और संभावनाएं विकसित करने से संभव होगा।

बैठक में ग्राम्य विकास एवं पलायन निवारण आयोग के उपाध्यक्ष एसएस नेगी,सदस्य अनिल सिंह शाही,दिनेश रावत,सुरेश सुयाल,राम प्रकाश पैन्यूली और रंजना रावत,सचिव धीराज गर्ब्याल सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय