home page

विभाजन की त्रासदी की स्मृतियों को संजोने का संकल्प, पंजाबी महासभा ने अधिकतम जनभागीदारी का किया आह्वान

 | 
विभाजन की त्रासदी की स्मृतियों को संजोने का संकल्प, पंजाबी महासभा ने अधिकतम जनभागीदारी का किया आह्वान


देहरादून, 02 अगस्त (हि. स.)। उत्तरांचल पंजाबी महासभा, जिला महानगर देहरादून ने 14 अगस्त को हरिद्वार में आयोजित होने वाले विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर रविवार को गुरु रोड स्थित मान भावन वेडिंग पॉइंट में बैठक आयोजित की। बैठक में आयोजन को भव्य एवं व्यापक जनभागीदारी के साथ संपन्न कराने की रणनीति पर चर्चा की गई।

बैठक की अध्यक्षता जिला महानगर अध्यक्ष बलदेव पराशर ने की, जबकि संचालन महामंत्री गोविंद मोहन ने किया। इसमें देहरादून के विभिन्न गुरुद्वारों की प्रबंध कमेटियों, मंदिर समितियों, पंजाबी समाज की विभिन्न बिरादरियों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों, वरिष्ठ नागरिकों और अन्य गणमान्य लोगों ने भाग लिया।

बैठक में 14 अगस्त को हरिद्वार में आयोजित होने वाले कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए विभिन्न सुझावों पर विचार-विमर्श किया गया। उपस्थित प्रतिनिधियों से अपने-अपने क्षेत्रों और सामाजिक संगठनों के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया गया।

बलदेव पराशर ने कहा कि विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस उन लाखों लोगों के संघर्ष, त्याग और बलिदान को स्मरण करने का अवसर है, जिन्होंने देश के विभाजन की पीड़ा झेली। उन्होंने कहा कि इस इतिहास को नई पीढ़ी तक पहुंचाना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है तथा सभी धार्मिक, सामाजिक और बिरादरी संगठनों को इसमें सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।

महामंत्री गोविंद मोहन ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए आयोजन की तैयारियों की जानकारी दी और समाज के प्रत्येक वर्ग से अधिकाधिक संख्या में हरिद्वार पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने का आग्रह किया।

बैठक में प्रदेश संगठन मंत्री जी.एस. आनंद, प्रदेश कोषाध्यक्ष पी.एस. कोचर सहित महासभा के प्रदेश, जिला और महानगर स्तर के पदाधिकारी तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। वक्ताओं ने विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए इसे समाज, विशेषकर युवा पीढ़ी तक पहुंचाने और व्यापक जनसहभागिता सुनिश्चित करने पर बल दिया।

बैठक के अंत में राज्य मीडिया प्रभारी विजय कुमार कथूरिया ने सभी प्रतिनिधियों, पदाधिकारियों और अतिथियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने मान भावन वेडिंग पॉइंट प्रबंधन द्वारा उपलब्ध कराई गई आतिथ्य व्यवस्था की सराहना करते हुए विश्वास जताया कि समाज के सामूहिक सहयोग से 14 अगस्त को हरिद्वार में आयोजित कार्यक्रम भव्य, गरिमामय और ऐतिहासिक रूप से सफल होगा।

--

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय