home page

पंजाब से पहुंची 150 सदस्यीय पैदल संगत, श्री झण्डे जी मेले की बढ़ी रौनक

 | 

देहरादून, 01 मार्च (हि.स.)। ऐतिहासिक श्री दरबार साहिब में आयोजित होने वाले श्री झण्डेजी मेले की भव्यता उस समय और बढ़ गई जब पंजाब के विभिन्न हिस्सों से 150 सदस्यीय पैदल संगत रविवार शाम यहां पहुंची।

शाम करीब 5 बजे दर्शनी गेट पर पहुंचते ही संगत का पुष्प वर्षा, ढोल-नगाड़ों और जयकारों के साथ जोरदार स्वागत किया गया। दरबार के सज्जादानशीन देवेन्द्र दास की अगुवाई में मेला आयोजन समिति, प्रबंध समिति और स्थानीय श्रद्धालुओं ने संगत का अभिनंदन किया। इस दौरान परिसर श्री गुरु राम राय जी महाराज के जयकारों से गूंज उठा। श्री महाराज ने संगत को दर्शन व आशीर्वाद प्रदान किया।

मेला अधिकारी विजय गुलाटी ने बताया कि प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी पंजाब की पैदल संगत श्री झण्डे जी आरोहण और मेले का साक्षी बनने पहुंची है। संगत के आगमन से मेले की दिव्यता और रौनक में और वृद्धि हुई है।

इससे पूर्व दोपहर 3:15 बजे प्राइमरी स्कूल कांवली में संगत का स्वागत किया गया। श्री गुरु राम राय लक्ष्मण संस्कृत महाविद्यालय के छात्रों ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ संगत का अभिनंदन किया।

दरबार प्रबंधन के अनुसार 07 मार्च को पूरब की संगत की विदाई होगी, जबकि 8 मार्च को श्री झण्डे जी आरोहण के साथ इस वर्ष के मेले का विधिवत शुभारंभ होगा। श्रद्धालुओं के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण कर ली गई हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय