जनता मिलन में डीएम को गिनवाई समस्याएं
पौड़ी गढ़वाल, 25 मई (हि.स.)।जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जनता मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 32 शिकायतें प्राप्त हुईं। जनता दरबार में गहड़ के ग्रामीणों की गहड़-बुआखाल क्षेत्र में पिछले एक वर्ष से पेयजल आपूर्ति बाधित होने, ल्वाली के सुरेश सिंह बिष्ट ने ज्वालपा पंपिंग योजना की आपूर्ति विगत एक वर्ष से बाधित होने व धनक गांव की महिलाओं की पेयजल सम्बंधी शिकायतों पर जिलाधिकारी ने सम्बन्धित विभागों के कनिष्ठ अभियंताओं को निर्देश दिए।
शिकायतकर्ताओं को सूचित करते हुए तत्काल मौके पर जाकर शिकायतों का प्रभावी समाधान सुनश्चित किया जाए। वहीं श्रीनगर निवासी संदीप रावत ने सिमल गांव में पेयजल समस्या के समाधान हेतु हैंडपंप लगाये जाने सम्बंधी फरियाद पर जिलाधिकारी ने जल संस्थान को उपयुक्त स्थान पर हैंडपंप लगाने को कहा।
सहकारिता विभाग से सेवानिवृत्त कर्मचारियों जगदीश प्रसाद थपलियाल एवं भगवान प्रसाद ने सहकारिता विभाग से संबंधित लंबित देयकों के प्रकरण पर जिलाधिकारी ने एआर कॉपरेटिव को वर्ष 2012 से अब तक के सभी लंबित एवं भुगतान किए गए मामलों का विवरण प्रस्तुत करने के साथ हीं सभी प्रकरणों का चरणबद्ध तरीके से निस्तारण करने के निर्देश दिये। वहीं धनक गांव की महिलाओं की गांव में स्ट्रीट लाईट सम्बंधी मांग पर उरेड़ा को जिला योजना से स्ट्रीट लाईट लगाने को कहा।
इस मौके पर एसडीएम दीक्षिता जोशी, सीओ तपेश कुमार चंद, अधीक्षण अभियंता जल निगम मो. मिशम, डीडीओ मनविंदर कौर आदि शामिल रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

