home page

जनसुनवाई में 90 शिकायतें दर्ज, 48 का मौके पर समाधान

 | 
जनसुनवाई में 90 शिकायतें दर्ज, 48 का मौके पर समाधान


हरिद्वार, 06 जुलाई (हि.स.)। समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से जिला कार्यालय सभागार में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में जनसुनवाई आयोजित की गई। जनसुनवाई में विभिन्न विभागों से संबंधित 90 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 48 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों को समयबद्ध कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को भेज दिया गया।

जनसुनवाई में भूमि विवाद, राशन कार्ड, बिजली, पेयजल, जलनिकासी, अतिक्रमण और सड़क निर्माण जैसी समस्याएं प्रमुख रहीं। सलेमपुर मेहदूद निवासी ज्ञानचंद ने अपनी भूमि पर अवैध कब्जा और कबाड़ हटाने की मांग उठाई, जबकि हरजौलीजट ग्राम प्रधान ने विकास कार्यों में बाधा डालने वालों के खिलाफ पुलिस सुरक्षा की मांग की।

भगवानपुर के एक 70 वर्षीय बुजुर्ग ने पैतृक आम के बाग में हिस्से की फसल की सुरक्षा की गुहार लगाई। वहीं भोगपुर निवासी अर्जुन कुमार ने बीएसएनएल में जनरेटर ऑपरेटर के रूप में कार्य करने के बावजूद आठ माह से लंबित वेतन दिलाने की मांग की। कनखल, बहादराबाद और रानीपुर क्षेत्र से भी सड़क, जलभराव, अवैध कब्जा और अधूरे नाले निर्माण जैसी शिकायतें सामने आईं।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से बार-बार आने वाली शिकायतों को प्राथमिकता देने और आवश्यकता पड़ने पर स्वयं स्थलीय निरीक्षण करने के निर्देश दिए।

सीएम हेल्पलाइन पर भी सख्ती

बैठक में सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज लंबित शिकायतों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने 36 दिनों से अधिक समय से लंबित मामलों का तत्काल निस्तारण करने के निर्देश दिए। समीक्षा में बताया गया कि एल-1 स्तर पर 501 तथा एल-2 स्तर पर 151 शिकायतें लंबित हैं, जिन्हें प्राथमिकता के आधार पर निपटाने को कहा गया।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र, अपर जिलाधिकारी, परियोजना निदेशक समेत विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी और बड़ी संख्या में फरियादी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला