home page

जनसुनवाई में 73 शिकायतें दर्ज, 41 का मौके पर निस्तारण

 | 
जनसुनवाई में 73 शिकायतें दर्ज, 41 का मौके पर निस्तारण


हरिद्वार, 22 जून (हि.स.)। जिला कार्यालय सभागार में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 73 शिकायतें एवं समस्याएं दर्ज की गईं, जिनमें से 41 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई हेतु भेजा गया।

जिलाधिकारी के निर्देशन व मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र की अध्यक्षता में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में राजस्व, भूमि विवाद, राशन कार्ड, विद्युत, पेयजल, पुलिस विभाग, अतिक्रमण और अन्य जनहित से जुड़े मामलों को प्रमुखता से उठाया गया।

मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। जिन मामलों में स्थलीय निरीक्षण आवश्यक है, उनमें संबंधित विभाग आपसी समन्वय स्थापित कर मौके पर जाकर समाधान सुनिश्चित करें।

बैठक में सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों की समीक्षा करते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि 36 दिनों से अधिक समय से लंबित शिकायतों का तत्काल समाधान किया जाना चाहिए।

समीक्षा में पाया गया कि एल-1 स्तर पर 535 तथा एल-2 स्तर पर 132 शिकायतें लंबित हैं। अधिकारियों को इन सभी मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन जितेंद्र कुमार, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व वैभव गुप्ता सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी तथा बड़ी संख्या में फरियादी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला