सरकारी कार्यालयों में जनसुविधाओं की स्थिति का होगा स्थलीय निरीक्षण
हरिद्वार, 24 सितंबर (हि.स.)। उच्चतम न्यायालय के निर्देशों के अनुपालन में जनसुविधाओं की उपलब्धता और स्थिति की समीक्षा के लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में गठित जनपद स्तरीय समिति की बैठक गुरुवार को विकास भवन सभागार में हुई। इस दौरान सीडीओ ने अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों के सरकारी कार्यालयों का स्थलीय निरीक्षण कर सुविधाओं की वास्तविक स्थिति का आकलन करने के निर्देश दिए।
मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में तहसीलों और विकासखंडों की उप समितियों के अधिकारी शामिल हुए।
बैठक में जिले के शासकीय कार्यालयों में आमजन के लिए उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा की गई।
उन्होंने कहा कि निरीक्षण के दौरान सामने आने वाली कमियों को प्राथमिकता के आधार पर दूर कराया जाए। कार्यालयों में स्वच्छ और सुगम शौचालयों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ महिला और पुरुषों के लिए अलग-अलग शौचालय और दिव्यांगजनों और बच्चों के अनुकूल आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जाए।
मुख्य विकास अधिकारी ने उप समितियों को निर्देश दिए कि निरीक्षण के दौरान निर्धारित मानकों के आधार पर जनसुविधाओं का परीक्षण कर निर्धारित प्रारूप में रिपोर्ट शीघ्र उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करते हुए उच्चतम न्यायालय के निर्देशों का समयबद्ध और प्रभावी अनुपालन कराया जाए
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

