home page

गांव को गोद लेकर उच्च शिक्षा की राह आसान करेगा गुरुकुल कांगड़ी

 | 
गांव को गोद लेकर उच्च शिक्षा की राह आसान करेगा गुरुकुल कांगड़ी


हरिद्वार, 26 सितंबर (हि.स.)। गुरुकुल कांगड़ी समविश्वविद्यालय का प्राचीन भारतीय इतिहास, संस्कृति एवं पुरातत्व विभाग श्यामपुर क्षेत्र के सजनपुर पीली गांव को गोद लेकर वहां के बालक-बालिकाओं को उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करेगा। विभाग की ओर से एक्सटेंशन एक्टिविटी के तहत आयोजित जन-जागृति कार्यक्रम में विभागाध्यक्ष प्रो. देवेंद्र कुमार गुप्ता ने यह जानकारी दी।

प्रो. गुप्ता ने बताया कि विश्वविद्यालय अपने आसपास के क्षेत्रों में उच्च शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए प्रयासरत है। इसी क्रम में गांव की प्रधान रूबी से विद्यार्थियों के लिए गांव में स्थान उपलब्ध कराने का आग्रह किया गया है। विभाग के प्राध्यापक और शोध छात्र गांव पहुंचकर विद्यार्थियों को निशुल्क शिक्षा देने के साथ ही उच्च शिक्षण संस्थानों में प्रवेश के लिए मार्गदर्शन और प्रोत्साहन देंगे।

वरिष्ठ प्रोफेसर प्रभात कुमार ने कहा कि गुरुकुल की स्थापना कांगड़ी ग्राम में ही हुई थी और क्षेत्र के लोगों का विश्वविद्यालय से पुराना जुड़ाव रहा है। उन्होंने कहा कि गंगा में बाढ़ आने के बाद विश्वविद्यालय वर्तमान स्थान पर स्थापित हुआ। ऐसे में क्षेत्र के विद्यार्थियों को गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय में उच्च शिक्षा के अवसरों का लाभ उठाना चाहिए।

प्रो. रेनू शुक्ला ने छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि एक महिला के शिक्षित होने से पूरा परिवार शिक्षित होता है। कार्यक्रम का संचालन डॉ. हिमांशु पंडित ने किया।

प्रो. दिलीप कुशवाहा ने संपर्क कार्यक्रम को विद्यार्थियों और विश्वविद्यालय के बीच उपयोगी पहल बताया। इस अवसर पर प्रो. दीपा गुप्ता, डॉ. रेखा सिंह, डॉ. प्राची, डॉ. चंद्रशेखर हंसराज नायक सहित शोध छात्र-छात्राएं और अन्य लोग मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला