गौकशी के फरार आरोपितों के घर ढोल बजाकर मुनादी, नोटिस चस्पा
हरिद्वार, 15 अक्टूबर (हि.स.)। जनपद में गौकशी से जुड़े मामलों में फरार चल रहे आरोपियों के खिलाफ हरिद्वार पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर गुरुवार को कोतवाली भगवानपुर पुलिस ने ग्राम सिकरोड़ा में दो आरोपियों के घरों पर ढोल बजाकर सार्वजनिक मुनादी कराई और न्यायालय से जारी उद्घोषणा आदेश चस्पा किए।
पुलिस के अनुसार, गौकशी से संबंधित मामलों में फरार चल रहे असलम पुत्र नानू और फैजान पुत्र सफीम, निवासी ग्राम सिकरोड़ा के विरुद्ध न्यायालय ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 84 के तहत उद्घोषणा आदेश जारी किए हैं। इन आदेशों की तामील के लिए पुलिस टीम आरोपियों के निवास स्थान पर पहुंची व नियमानुसार कार्रवाई की।
इस दौरान ढोल बजवाकर सार्वजनिक रूप से मुनादी कराई गई। साथ ही न्यायालय के आदेश आरोपियों के घरों पर चस्पा किए गए। मुनादी के माध्यम से आरोपितों को न्यायालय द्वारा निर्धारित तिथि पर उपस्थित होने के निर्देश दिए गए। पुलिस ने चेतावनी दी कि निर्धारित प्रक्रिया का पालन नहीं करने पर नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

