ज्ञान गोदड़ी गुरुद्वारे की भूमि आवंटन को लेकर सिख समाज की रोष यात्रा
हरिद्वार, 05 अक्टूबर (हि.स.)। ज्ञान गोदड़ी गुरुद्वारे के लिए भूमि आवंटित नहीं होने से नाराज सिख समाज ने सोमवार को प्रेमनगर पुल स्थित धरना स्थल से चंद्राचार्य चौक तक रोष यात्रा निकाली। समाज ने आरोप लगाया कि दस वर्षों से लगातार धरना देने के बावजूद शासन-प्रशासन गुरुद्वारे के लिए हरकी पैड़ी परिसर के निकट मूल स्थान उपलब्ध नहीं करा रहा है। इससे समाज की धार्मिक भावनाएं आहत हो रही हैं।
रोष यात्रा से पहले गुरुद्वारा ज्ञान गोदड़ी प्रबंधक कमेटी की ओर से धरना स्थल पर गुरु नानक देव का ज्योति जोत दिवस श्रद्धा के साथ मनाया गया। रागी जत्थे के भाई देशराज सिंह, भाई राज सिंह, नरेंद्र सिंह, भाई हुक्म सिंह, भाई गुरजीत सिंह और सरबजीत सिंह ने शब्द कीर्तन कर संगत को निहाल किया।
इस दौरान संत जगजीत सिंह शास्त्री ने कहा कि गुरुद्वारे की भूमि के लिए पिछले दस वर्षों से धरना चल रहा है, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला। उन्होंने कहा कि धर्मनगरी में कई भवनों के निर्माण को अनुमति मिल जाती है, लेकिन गुरुद्वारे के लिए भूमि मांगने पर समाज को केवल आश्वासन दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भूमि आवंटित होने तक धरना और रोष यात्रा का सिलसिला जारी रहेगा।
उन्होंने सरकार से सिख समाज की भावनाओं को समझते हुए जल्द मूल स्थान अथवा अन्य उपयुक्त स्थान आवंटित करने की मांग की, ताकि भव्य गुरुद्वारे का निर्माण हो सके। उन्होंने कहा कि सरकार को अब सिख समाज की परीक्षा लेना बंद कर ठोस निर्णय करना चाहिए।
रोष यात्रा और कार्यक्रम में सुरेंद्र सिंह, ज्ञानी पंकज सिंह, तरलोचन सिंह, एस. मठारु, मनमोहन सिंह, जीत सिंह ढिल्लों, गुरुचरण सिंह, अमरीक सिंह भट्टी, पीएस कालरा, सुरजीत सिंह, इकबाल सिंह, जगतार सिंह, हरचरण सिंह, इंद्रजीत सिंह, परमजीत कौर, करतार कौर, सुरेंद्र कौर, नैनी महेन्द्रू, सरोज ढिल्लों, ललिता डूडेजा, कला बत्रा, राजेंद्र कौर, करनजीत कौर, अमरजीत कौर, सविंदर कौर, ममता सचदेवा, अरविंदर कौर, देवेंद्र कौर, सरबजीत सिंह, सतनाम सिंह और विक्रम सिंह समेत बड़ी संख्या में संगत शामिल रही।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

