home page

डीएफओ के खिलाफ जन अधिकार पार्टी का प्रदर्शन, पुतला जलाया

 | 
डीएफओ के खिलाफ जन अधिकार पार्टी का प्रदर्शन, पुतला जलाया


हरिद्वार, 02 जुलाई (हि.स.)। हरिद्वार वन प्रभाग में कथित भ्रष्टाचार, अवैध खनन, अवैध कटान, फर्जी प्लांटेशन, बाघ हत्या और अवैध वसूली के आरोपों को लेकर जन अधिकार पार्टी (ज.) ने आज विरोध प्रदर्शन किया।

पार्टी कार्यकर्ताओं ने शहर में पैदल मार्च निकालते हुए डीएफओ कार्यालय का घेराव किया और कार्यालय के बाहर डीएफओ स्वप्निल अनिरुद्ध का पुतला दहन कर जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान सरकार और वन विभाग के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

प्रदर्शन में मौजूद कार्यकर्ताओं ने वन विभाग में कथित अनियमितताओं के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए दोषी अधिकारियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन के बाद पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने सिटी मजिस्ट्रेट के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन भेजकर प्रकरण की जांच कराने व दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

ज्ञापन में पार्टी ने मांग की कि डीएफओ स्वप्निल अनिरुद्ध को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर सेवा से बर्खास्त किया जाए। साथ ही कुड़कावाला, रसूलपुर, बंजारावाला और हजारा क्षेत्रों में कथित अवैध खनन की सीबीआई जांच कराई जाए। इसके अलावा श्यामपुर, लक्सर, रुड़की और चिड़ियापुर वन रेंज में कथित अवैध कटान और फर्जी प्लांटेशन घोटाले की उच्चस्तरीय जांच कर दोषी अधिकारियों से सरकारी धन की वसूली करने की मांग भी उठाई गई।

पार्टी ने यह भी कहा कि केवल रेंज अधिकारी विनय राठी को हटाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि पूरे मामले में जिम्मेदार सभी अधिकारियों, जिनमें डीएफओ भी शामिल हैं, के खिलाफ आपराधिक मुकदमा दर्ज किया जाना चाहिए।

प्रदर्शन को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष आजाद अली ने आरोप लगाया कि हरिद्वार वन प्रभाग में वन संपदा की खुलेआम लूट हो रही है और यह सब वरिष्ठ अधिकारियों के संरक्षण में हो रहा है। उन्होंने कहा कि कागजों में करोड़ों रुपये के प्लांटेशन दिखाए जा रहे हैं, जबकि धरातल पर अवैध खनन और अवैध कटान जारी है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि वन विभाग में अवैध वसूली का खेल चल रहा है और यदि सरकार ने समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं की तो जन अधिकार पार्टी प्रदेशभर में उग्र आंदोलन करेगी।

राष्ट्रीय महासचिव हेमा भंडारी ने कहा कि उत्तराखंड की प्राकृतिक संपदा और हरियाली को कथित तौर पर माफिया और भ्रष्ट अधिकारियों के गठजोड़ से नुकसान पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि डीएफओ स्वप्निल अनिरुद्ध को बचाने का प्रयास किया गया तो पार्टी राज्यव्यापी आंदोलन शुरू करेगी और राज्यपाल से पूरे मामले में तत्काल हस्तक्षेप की मांग करेगी।

प्रदर्शन में प्रदेश पदाधिकारियों सहित मास्टर रिजवान, कुर्बान अली, हसरत अली, जिलाध्यक्ष नदीम, ग्रामीण महिला अध्यक्ष कोमल, उपाध्यक्ष गरिमा ठाकुर, रीना, युवा मोर्चा अध्यक्ष शालिम शाह, शाहरुख खान, राव अफराज, जाबिर अंसारी, मांगा हसन, गुल्लू अंसारी, मीडिया प्रभारी अमन जैन, इंतजार, डॉ. जहांगीर, लक्सर प्रभारी जमाल अख्तर, बोलीशाह, शाहनजर, डॉ. कामिल, मुराद दरियापुर आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला