स्मार्ट मीटर विवाद पर कांग्रेस का कोतवाली घेराव,मुकदमे वापस लेने की मांग
हरिद्वार, 11 जुलाई (हि.स.)। स्मार्ट मीटर लगाने का विरोध करने पर कांग्रेस नेताओं के खिलाफ दर्ज मुकदमे के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शनिवार को रानीपुर कोतवाली का घेराव कर प्रदर्शन किया और मुकदमे वापस लेने की मांग की।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) के अधिकारियों-कर्मचारियों ने स्मार्ट मीटर लगाने का विरोध करने पर वरिष्ठ कांग्रेसी नेता महेश प्रताप राणा और शिवालिक नगर व्यापार मंडल के अध्यक्ष विभाष सिंहा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
प्रदर्शन के दौरान महेश प्रताप राणा ने कहा कि उपभोक्ताओं को पूर्व सूचना दिए बिना उनके घरों पर जबरन स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब पुराने मीटर सही तरीके से काम कर रहे हैं तो उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त भार डालने का औचित्य नहीं है। उन्होंने यूपीसीएल अधिकारियों पर मनमानी का आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग संबंधी तहरीर भी पुलिस को सौंपी।
पूर्व राज्य मंत्री डॉ. संजय पालीवाल और पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष प्रदीप चौधरी ने कहा कि स्मार्ट मीटरों की रीडिंग अधिक आने की शिकायतें मिल रही हैं और इसकी उच्चस्तरीय तकनीकी जांच कराई जानी चाहिए।
पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष राव आफाक अली, पूर्व सभासद अशोक शर्मा तथा महानगर अध्यक्ष अमन गर्ग ने कहा कि विरोध करना विपक्ष का लोकतांत्रिक अधिकार है और झूठे मुकदमों के जरिए कार्यकर्ताओं को दबाने का प्रयास स्वीकार नहीं किया जाएगा।
प्रदर्शन में सीपी सिंह, तेजपाल, संतोष चौहान, विमला पांडे, सुनीता सिंह, पार्षद सुनील कुमार, राजीव भार्गव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और व्यापारी शामिल हुए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

