किसान महाकुंभ में अश्लील डांस पर संतों का विरोध, कार्रवाई की मांग
हरिद्वार, 04 जुलाई (हि.स.)। वीआईपी घाट पर बीते रोज भारतीय किसान यूनियन (क्रांति) के बैनर तले आयोजित किसान महाकुंभ में कथित अश्लील डांस को लेकर विवाद गहरा गया है। धर्मनगरी के संतों और सनातन संगठनों ने इस घटना पर कड़ा विरोध जताते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
अखण्ड परशुराम अखाड़े के प्रतिनिधियों ने इस मामले को लेकर एसपी सिटी को ज्ञापन सौंपा।
अखाड़े के अध्यक्ष ने कहा कि मां गंगा के तट पर आयोजित कार्यक्रम में किसानों की समस्याओं पर चर्चा और समाधान होना चाहिए था, लेकिन उसकी आड़ में फिल्मी गीतों पर महिलाओं द्वारा कथित अश्लील नृत्य कराया गया, जो तीर्थनगरी की मर्यादा के विरुद्ध है। उन्होंने इसे धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाला बताते हुए संबंधित आयोजकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
वहीं संत कार्तिक गिरी ने कहा कि हरिद्वार आस्था, तप और मोक्ष की नगरी है, जहां देश-विदेश से श्रद्धालु आध्यात्मिक उद्देश्य से आते हैं। उनका कहना है कि यदि कोई संस्था या व्यक्ति सनातन परंपराओं और धर्मनगरी की गरिमा को ठेस पहुंचाने का प्रयास करेगा तो उसका विरोध किया जाएगा। उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की कि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए संबंधित लोगों और संगठन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

