home page

लोहियाहेड में पैदल पहुंचे मुख्यमंत्री धामी, स्थानीय स्टॉल पर लिया टिक्की का स्वाद

 | 
लोहियाहेड में पैदल पहुंचे मुख्यमंत्री धामी, स्थानीय स्टॉल पर लिया टिक्की का स्वाद


खटीमा, 28 अगस्त (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को लोहियाहेड में ‘वोकल फॉर लोकल’ की भावना को बढ़ावा देते हुए स्थानीय व्यवसाय और स्वरोजगार के प्रति समर्थन का संदेश दिया। मुख्यमंत्री पैदल आम लोगों के बीच पहुंचे और स्थानीय रूप से लोकप्रिय रवि के स्टॉल पर रुककर टिक्की का स्वाद लिया।

मुख्यमंत्री को अपने बीच सहज अंदाज में पैदल चलते देखकर स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों में उत्साह दिखाई दिया। उन्होंने स्टॉल संचालक रवि से बातचीत कर उनके व्यवसाय के बारे में जानकारी ली और स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार के जरिए आजीविका अर्जित करने के प्रयासों की सराहना की।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने स्थानीय दुकानदारों और नागरिकों से भी आत्मीय संवाद किया। उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादों, पारंपरिक व्यंजनों और छोटे कारोबार को प्रोत्साहन देना केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। ‘वोकल फॉर लोकल’ स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करने, स्वरोजगार को बढ़ावा देने और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने का माध्यम है।

धामी ने कहा कि स्थानीय उत्पादों और सेवाओं को प्राथमिकता देने से इसका सीधा लाभ स्थानीय कारीगरों, छोटे व्यापारियों, युवाओं और स्वरोजगार से जुड़े लोगों को मिलता है। इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था मजबूत होने के साथ आत्मनिर्भर समाज और आत्मनिर्भर उत्तराखंड के संकल्प को भी गति मिलती है।

मुख्यमंत्री का स्थानीय लोगों के बीच इस सहज अंदाज में पहुंचना क्षेत्रवासियों के लिए आकर्षण का केंद्र रहा। स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों ने उनकी सादगी तथा स्थानीय कारोबार को प्रोत्साहित करने के प्रयास की सराहना की।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय