21 प्राथमिक विद्यालयों का होगा कायाकल्प, 3.52 करोड़ मंजूर
देहरादून, 06 अप्रैल (हि.स.)। उत्तराखंड सरकार ने जर्जर विद्यालय भवनों के पुनर्निर्माण और सुधारीकरण के तहत प्रदेश के 21 प्राथमिक विद्यालयों के कायाकल्प का निर्णय लिया है। विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने इसके लिए 3.52 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत कर दी है।
शिक्षा विभाग के अनुसार चयनित विद्यालयों में भवनों के पुनर्निर्माण, छत, फर्श, चाहरदीवारी सहित लघु एवं वृहद मरम्मत कार्य किए जाएंगे। निर्माण कार्य के लिए पेयजल निगम, ग्रामीण निर्माण विभाग और मंडी परिषद को कार्यदायी संस्था नामित किया गया है।
यह योजना पिथौरागढ़, देहरादून, ऊधमसिंह नगर और अल्मोड़ा जनपदों के विद्यालयों में लागू की जाएगी। सरकार का उद्देश्य जर्जर हो चुके विद्यालयों को प्राथमिकता के आधार पर सुदृढ़ कर छात्रों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना है।
मंत्री डॉ.धन सिंह रावत ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि इन विद्यालयों में निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कर दिए जाएंगे और इससे न केवल आधारभूत सुविधाओं में सुधार होगा, बल्कि शिक्षा की गुणवत्ता भी बेहतर होगी।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

