home page

विधानसभा चुनाव 2027 : हरिद्वार में तैयारियां तेज, लाइसेंसी शस्त्रों का होगा सत्यापन

 | 
विधानसभा चुनाव 2027 : हरिद्वार में तैयारियां तेज, लाइसेंसी शस्त्रों का होगा सत्यापन


हरिद्वार, 27 अक्टूबर (हि.स.)। वर्ष 2027 में प्रस्तावित विधानसभा निर्वाचन को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी है। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने मंगलवार को उपजिलाधिकारियों और खंड विकास अधिकारियों के साथ बैठक कर निर्वाचन संबंधी तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सभी आवश्यक कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।

बैठक में जिलाधिकारी ने जनपद में लाइसेंसी शस्त्रों का सत्यापन कराने और नियमानुसार उन्हें जमा कराने की कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने दुकानदारों और बैंकों में तैनात सुरक्षा गार्डों के शस्त्रों के संबंध में भी नियमानुसार प्रक्रिया अपनाने के निर्देश दिए। जिन मामलों में शस्त्र जमा कराने से छूट का प्रश्न हो, उनमें संबंधित लाइसेंसधारकों से आवश्यक आवेदन लेकर नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा गया।

जिलाधिकारी ने सभी विधानसभा क्षेत्रों के मतदान केंद्रों और बूथों का सत्यापन कराने के निर्देश देते हुए कहा कि उपजिलाधिकारी एवं खंड विकास अधिकारी बूथों की स्थिति, उपलब्ध सुविधाओं और आवश्यक व्यवस्थाओं की जांच करें। बूथ सत्यापन से संबंधित सूची दो दिन के भीतर उपलब्ध कराने को कहा गया, ताकि आगे की तैयारियां समय से पूरी की जा सकें।

उन्हाेंने निर्वाचन कार्यों के संचालन के लिए सहायक रिटर्निंग अधिकारियों (एआरओ) तथा जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेट की तैनाती संबंधी सूची भी तैयार करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित कर निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं एवं दिशा-निर्देशों पर संवाद स्थापित करने को कहा।

उन्हाेंने निर्वाचन के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और चुनाव को प्रभावित करने वाली गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री पर प्रभावी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को नियमित जांच करने और अवैध गतिविधियों की जानकारी मिलने पर त्वरित वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को निर्वाचन संबंधी तैयारियों की नियमित समीक्षा करने और आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश भी दिए।

बैठक में अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रुड़की दीपक रामचंद्र सेठ, सिटी मजिस्ट्रेट हरगिरी, एसडीएम हरिद्वार योगेश मेहरा, एसडीएम भगवानपुर देवेंद्र सिंह नेगी, एसएलओ आकाश जोशी, जिला आबकारी अधिकारी कैलाश बिनजोला, सहायक निर्वाचन अधिकारी अरुणेश पैन्यूली सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, खंड विकास अधिकारी और तहसीलदार मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला