पीआरडी जवानों को 365 दिन रोजगार की मांग
पौड़ी गढ़वाल, 21 सितंबर (हि.स.)।प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) हित संगठन ने जवानों की विभिन्न मांगों के समाधान के लिए सोमवार को जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा।
जिलाध्यक्ष पुरुषोत्तम भारती ने पीआरडी जवानों को वर्ष में 365 दिन रोजगार देने और होमगार्ड जवानों के समान 950 रुपये दैनिक मानदेय देने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि पीआरडी जवान विभिन्न सरकारी विभागों, थानों, चौकियों और शिक्षण संस्थानों में सेवाएं दे रहे हैं। वर्तमान में उन्हें 650 रुपये प्रतिदिन मानदेय मिल रहा है, जबकि होमगार्ड जवानों को 950 रुपये दिए जा रहे हैं। संगठन ने समान कार्य के लिए समान वेतन और मूल वेतन के साथ महंगाई भत्ता देने की भी मांग की। ज्ञापन देने वालों में उपाध्यक्ष पवन आर्य और कोषाध्यक्ष संपूर्णानंद नौटियाल आदि शामिल रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

