home page

पीआरडी जवानों के नियमितीकरण की मांग, विधायक को सौंपा ज्ञापन

 | 

पौड़ी गढ़वाल, 01 मार्च (हि.स.)। प्रांतीय रक्षक दल हित संगठन (पीआरडी) ने जवानों के चरणबद्ध नियमितीकरण सहित विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर नाराजगी जताई है। संगठन ने विधायक राजकुमार पोरी को ज्ञापन सौंपते हुए आगामी विधानसभा बजट सत्र में उनकी मांगें उठाने का अनुरोध किया।

रविवार को विधायक को दिए गए ज्ञापन में संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि प्रांतीय रक्षक दल की स्थापना वर्ष 1948 में तत्कालीन उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संयुक्त प्रांत सशस्त्र कांस्टेबुलरी अधिनियम के तहत की गई थी। इसका उद्देश्य प्रदेश में सामुदायिक सद्भावना एवं शांति व्यवस्था बनाए रखना था। उन्होंने कहा कि तब से अब तक पीआरडी के जवान प्रदेश में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था के साथ विभिन्न राजकीय और सामाजिक कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते आ रहे हैं।

इसके बावजूद पीआरडी जवानों को स्थायी रोजगार की सुविधा नहीं मिल रही है और न ही होमगार्ड व उपनल कर्मियों की भांति ‘समान कार्य, समान वेतन’ का लाभ दिया जा रहा है। संगठन ने मांग की कि पीआरडी जवानों और कार्मिकों का चरणबद्ध नियमितीकरण किया जाए, पुलिस व होमगार्ड की तर्ज पर सम्मानजनक वेतन व भत्ते दिए जाएं तथा संगठन को एक सशक्त एवं स्थायी बल के रूप में स्थापित करने के लिए शीघ्र शासनादेश जारी किया जाए।

इस मौके पर संगठन के जिलाध्यक्ष पुरुषोत्तम भारती, उपाध्यक्ष पंकज आर्य, कोषाध्यक्ष संपूर्णानंद नौड़ियाल, कैलाश चंद्र, अरविंद सिंह, संजय सिंह, प्रकाश, दौलत और उमाकांत सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह