home page

13 नवंबर को होगा तृतीय प्रवासी उत्तराखंडी सम्मेलन, युवाओं पर रहेगा विशेष फोकस

 | 
13 नवंबर को होगा तृतीय प्रवासी उत्तराखंडी सम्मेलन, युवाओं पर रहेगा विशेष फोकस


देहरादून, 30 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तराखंड में तृतीय प्रवासी उत्तराखंडी सम्मेलन 13 नवंबर को देहरादून स्थित दून विश्वविद्यालय के डॉ. नित्यानंद ऑडिटोरियम में आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन में देश-विदेश के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले प्रवासी उत्तराखंडियों की सहभागिता होगी। सम्मेलन में विशेष रूप से युवाओं को जोड़ने पर जोर दिया जाएगा।

मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने शुक्रवार को सचिवालय में सम्मेलन की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को आयोजन से संबंधित सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध और सुव्यवस्थित ढंग से पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सम्मेलन में देश के विभिन्न राज्यों और विदेशों में रह रहे प्रवासी उत्तराखंडियों का व्यापक प्रतिनिधित्व सुनिश्चित किया जाए, ताकि उनके अनुभव, उपलब्धियों और विशेषज्ञता का लाभ राज्य के विकास में मिल सके।

मुख्य सचिव ने कहा कि सम्मेलन में युवाओं की भागीदारी पर विशेष ध्यान दिया जाए। इससे युवा पीढ़ी को प्रवासी उत्तराखंडियों के अनुभवों, नवाचारों और सफलताओं से प्रेरणा मिलेगी।

बैठक में प्रतिनिधियों के पंजीकरण, उद्घाटन सत्र, प्रतिष्ठित प्रवासी उत्तराखंडियों के संबोधन, विभिन्न विषयों पर पैनल चर्चा और पैनलिस्ट के चयन सहित कार्यक्रम की रूपरेखा पर चर्चा हुई। इसके अलावा सांस्कृतिक संध्या, यातायात प्रबंधन और सम्मेलन के लाइव प्रसारण की तैयारियों की भी समीक्षा की गई।

मुख्य सचिव ने सम्मेलन से जुड़े सभी कार्यों की विस्तृत चेकलिस्ट तैयार करने और प्रत्येक कार्य की जिम्मेदारी निर्धारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रवासी प्रकोष्ठ और संबंधित अधिकारियों को मंगलवार तक कार्यक्रम की प्रस्तावित रूपरेखा और आयोजन संबंधी तैयारियों को अंतिम रूप देने को कहा।

बैठक में अधिकारियों ने सम्मेलन की तैयारियों को लेकर प्रस्तुतिकरण भी दिया। मुख्य सचिव ने आपसी समन्वय के साथ सम्मेलन को सुव्यवस्थित, प्रभावी और उद्देश्यपूर्ण बनाने पर जोर दिया।

बैठक में प्रमुख सचिव आरके सुधांशु, आर. मीनाक्षी सुंदरम, सचिव शैलेश बगौली, डॉ. आर. राजेश कुमार, दीपेंद्र चौधरी, युगल किशोर पंत, महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी और प्रवासी प्रकोष्ठ से सुधीर नौटियाल सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय