home page

श्रमिक के बेटे प्रशांत चिकित्सक बनकर करेंगे समाज सेवा

 | 
श्रमिक के बेटे प्रशांत चिकित्सक बनकर करेंगे समाज सेवा


हरिद्वार, 13 अक्टूबर (हि.स.)। आर्थिक चुनौतियों के बीच मेहनत और लगन से पढ़ाई कर बीएचईएल के संविदा श्रमिक के बेटे प्रशांत कुमार ने नीट-2026 में सफलता हासिल की है। उन्हें अखिल भारतीय काउंसलिंग के पहले चरण में वाराणसी स्थित ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस पाठ्यक्रम में प्रवेश मिला है। प्रशांत अब चिकित्सक बनकर समाज की सेवा करना चाहते हैं। प्रशांत की सफलता पर बीएचईएल के अधिकारियों और कर्मचारियों ने उन्हें बधाई दी है।

उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के नगीना क्षेत्र के तिगरी मनकावाला गांव के रहने वाले प्रशांत का परिवार फिलहाल हरिद्वार की शिवलोक स्थित वाटर वर्क्स कॉलोनी में रहता है। उनके पिता खूब सिंह बीएचईएल में संविदा श्रमिक हैं। सीमित आर्थिक संसाधनों के बावजूद प्रशांत ने पढ़ाई जारी रखी और नीट में सफलता हासिल की।

प्रशांत की प्रारंभिक शिक्षा शिवलोक स्थित तरुण हिमालय इंटर कॉलेज में हुई। इसके बाद उनका चयन बीएचईएल अनुसूचित जाति कर्मचारी कल्याण संघ की ओर से जरूरतमंद बच्चों के लिए संचालित निःशुल्क ‘डॉ. भीमराव आंबेडकर शिक्षा सहभागिता कार्यक्रम’ के तहत हुआ। इस कार्यक्रम के माध्यम से उन्होंने रोशनाबाद स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय से इंटरमीडिएट की पढ़ाई पूरी की।

प्रशांत की मां संगीता गौतम के अनुसार, आर्थिक कठिनाइयों के बावजूद उनके बेटे ने नीट की तैयारी स्वयं की। प्रशांत ने अपनी सफलता का श्रेय मेहनत, परिवार के सहयोग और शिक्षकों के मार्गदर्शन को दिया है। डॉ. भीमराव आंबेडकर से प्रेरित प्रशांत का कहना है कि वह एक कुशल चिकित्सक बनकर जरूरतमंद लोगों की सेवा करना चाहते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला