गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व पर निकली भव्य प्रभात फेरी, पुष्पवर्षा से हुआ स्वागत
हरिद्वार, 23 नवंबर (हि.स.)। गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में सोमवार को धर्मनगरी के विभिन्न गुरुद्वारों की ओर से प्रभात फेरियां निकाली गईं। इनमें सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर गुरु नानक देव के प्रति श्रद्धा प्रकट की। निर्मल संतपुरा गुरुद्वारे की ओर से विशाल प्रभात फेरी का आयोजन किया गया। इसमें श्री गुरु ग्रंथ साहिब की पालकी और पंज प्यारे विशेष आकर्षण रहे।
प्रभात फेरी का जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। संगत ने श्री गुरु ग्रंथ साहिब के समक्ष शीश नवाकर आशीर्वाद लिया। सोमवार को प्रभात फेरी प्रेमनगर पुल स्थित गुरुद्वारा ज्ञान गोदड़ी धरना स्थल से शुरू हुई। इसके बाद प्रेमनगर चौक, कृष्णा नगर, दादूबाग और कनखल चौक बाजार होते हुए गुरु अमरदास गुरुद्वारे पहुंची। यहां विधिवत अरदास की गई।
इस अवसर पर संत जगजीत सिंह शास्त्री ने कहा कि गुरु नानक देव ने मानव समाज को अज्ञानता से दूर कर सत्य और सद्भाव का मार्ग दिखाया। उनके बताए मार्ग पर चलकर मनुष्य अपने जीवन को सफल बना सकता है। उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव ने विश्व को भाईचारे और सौहार्द का संदेश दिया। साथ ही लंगर सेवा के माध्यम से समानता की भावना को मजबूत किया, जहां सभी धर्मों और जातियों के लोग एक साथ बैठकर भोजन प्रसाद ग्रहण करते हैं।
प्रभात फेरी में संत तरलोचन सिंह, सुखदीप सिंह, ज्ञानी पंकज सिंह, सहदेव सिंह, इंद्रजीत सिंह बिट्टू, अमरजीत कौर, सरबजीत कौर, अपनिंदर कौर, सुमन शर्मा, नैनी महेंद्रू, बीना चिटकरिया, प्रीतम सिंह, इंद्रजीत सिंह, महिपाल सिंह, परमिंदर सिंह, कुलदीप सिंह, मनिंदर सिंह, हरजीत सिंह, रोहताश सिंह और गुरविंदर सिंह सहित सैकड़ों श्रद्धालु शामिल रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

