home page

टिहरी बांध परिक्षेत्र में स्थापित किया जाए विद्युत सब स्टेशनः किशोर

 | 

नई टिहरी, 03 अक्टूबर (हि.स.)। टिहरी विधायक किशोर उपाध्याय ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर कोटी कालोनी के टिहरी बांध झील के निकट 33 केवी विद्युत सब स्टेशन स्वीकृत करने की मांग की है। विधायक ने बताया कि वर्तमान में टिहरी बांध की झील परिक्षेत्र में चंबा विद्युत स्टेशन से ही विद्युत आपूर्ति होती है।

बताया कि इस क्षेत्र में आपूर्ति अस्थिर और दयनीय बनी हुई है। वर्तमान में टिहरी झील की रिंग रोड का कार्य द्रुत गति से चल रहा है। जिससे आने वाले समय में यहां बड़ी संख्या में पर्यटकों के लिए अवस्थापना विकास के कार्य किए जाने हैं। लोग होटल, रेस्टोरेंट सहित सार्वजनिक उपयोग की अवसंरचना इस क्षेत्र में बनाएंगे। जिससे विद्युत भार में उल्लेखनीय वृद्धि होना निश्चित है। ऐसी स्थिति में यहां पर विद्युत आपूर्ति को निर्बाध और सही किया जाना जरूरी है।

विधायक ने यह भी बताया कि पीएम नरेंद्र मोदी का भी इस माह टिहरी झील का कार्यक्रम प्रस्तावित है। सीएम को दिए पत्र में अवगत कराया कि जिला प्रशासन से ऊर्जा निगम को इस क्षेत्र में विद्युत सब स्टेशन के लिए भूमि उपलब्ध करा दी है। लेकिन अभी तक विभाग ने स्टेशन का निर्माण कार्य शुरू नहीं किया है। विधायक ने जनहित में तत्काल इस क्षेत्र में विद्युत सब स्टेशन स्थापित करने की मांग की है। पत्र पर सीएम धामी ने प्रमुख सचिव ऊर्जा को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी