home page

पॉलीहाउस निर्माण में तेजी लाएं, किसानों को समय पर मिले योजनाओं का लाभ : गणेश जोशी

 | 
पॉलीहाउस निर्माण में तेजी लाएं, किसानों को समय पर मिले योजनाओं का लाभ : गणेश जोशी


देहरादून, 12 अगस्त (हि.स.)। कृषि एवं कृषक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने अधिकारियों को पॉलीहाउस निर्माण में तेजी लाने और किसानों को विभिन्न योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि किसानों के लंबित भुगतानों से संबंधित सभी विसंगतियां एक सप्ताह के भीतर दूर कर भुगतान सुनिश्चित किया जाए।

गणेश जोशी ने बुधवार को सर्किट हाउस स्थित औद्यानिक परिषद सभागार में एप्पल मिशन, पॉलीहाउस सहित वित्तीय वर्ष 2026-27 की विभिन्न योजनाओं की वित्तीय एवं भौतिक प्रगति की समीक्षा की। बैठक में सभी जनपदों के मुख्य उद्यान अधिकारी और विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

एप्पल मिशन की समीक्षा के दौरान मंत्री ने जनपदवार योजनाओं की जानकारी लेते हुए सेब की अति सघन बागवानी मिशन के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट का शत-प्रतिशत उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सेब उत्पादक किसानों के लंबित भुगतानों का शीघ्र निस्तारण करने को भी कहा।

जोशी ने कहा कि उत्तराखंड में कीवी और ड्रैगन फ्रूट उत्पादन की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने अधिकारियों को अधिक से अधिक किसानों को इन फसलों से जोड़ने तथा विभागीय योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी योजनाओं का निर्धारित समय-सीमा में प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने को कहा।

कृषि मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को फसल की बुआई से पहले ही आवश्यक सब्जियों और अन्य फसलों के बीज उपलब्ध कराए जाएं। नाबार्ड योजना के तहत पॉलीहाउस निर्माण की समीक्षा करते हुए उन्होंने निर्माण कार्यों में तेजी लाने और निर्धारित लक्ष्य समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।

बैठक में मधुमक्खी पालन की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई। मंत्री ने कहा कि पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों में मौन पालन के माध्यम से किसानों की आय बढ़ाने और रोजगार के अवसर सृजित करने की व्यापक संभावनाएं हैं। उन्होंने अधिक से अधिक किसानों को प्रशिक्षण और विभागीय योजनाओं से जोड़ने के निर्देश दिए।

जोशी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि पॉलीहाउस, एप्पल मिशन, कीवी सहित विभिन्न योजनाओं के तहत किसानों के लंबित भुगतानों से संबंधित सभी विसंगतियां एक सप्ताह के भीतर दूर कर भुगतान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि किसानों को योजनाओं का लाभ समय पर मिलना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

बैठक में उद्यान निदेशक आरके सिंह,बागवानी मिशन निदेशक महेंद्र पाल,संयुक्त निदेशक रतन कुमार सहित सभी जनपदों के मुख्य उद्यान अधिकारी मौजूद रहे।

---------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय