home page

महाआक्रोश अभियान से कांग्रेस को घेरने की तैयारी में भाजपा महिला मोर्चा

 | 
महाआक्रोश अभियान से कांग्रेस को घेरने की तैयारी में भाजपा महिला मोर्चा


- प्रदेशभर में पदयात्रा, सम्मेलन और जनसंपर्क अभियान का ऐलान

देहरादून, 20 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की महिला मोर्चा ने विपक्ष के खिलाफ ‘महाआक्रोश अभियान’ चलाने का ऐलान किया है। इस अभियान के तहत मातृशक्ति के साथ मिलकर जिले और मंडल स्तर पर जन आक्रोश सम्मेलन, पदयात्राएं और पत्रकार वार्ताएं आयोजित की जाएंगी।

महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों का रवैया महिलाओं के अधिकारों के खिलाफ है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष ने इस महत्वपूर्ण कानून का विरोध कर महिलाओं की आकांक्षाओं को ठेस पहुंचाई है। उन्होंने बताया कि 20 से 23 अप्रैल तक प्रदेशभर में महिला जन आक्रोश पदयात्राएं आयोजित की जाएंगी, जबकि 22 से 30 अप्रैल तक जिला एवं मंडल स्तर पर सम्मेलन किए जाएंगे। इसके अलावा 19 से 25 अप्रैल के बीच प्रेस वार्ताओं के जरिए विपक्ष के रुख को उजागर किया जाएगा।

अभियान के तहत महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों और महिला छात्रावासों में जनसंपर्क कर युवतियों को जागरूक किया जाएगा, साथ ही सोशल मीडिया के माध्यम से 10 दिनों तक व्यापक प्रचार अभियान चलाया जाएगा।

रुचि भट्ट ने कहा कि अभियान में महिला जनप्रतिनिधियों, सांसदों, विधायकों, महापौरों, स्वयं सहायता समूहों और छात्राओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने प्रदेश की महिलाओं से इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने और अपने अधिकारों के समर्थन में एकजुट होने का आह्वान किया।

----------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय