home page

उत्तराखंड चुनाव की तैयारी में जुटी भाजपा, 21-22 नवंबर को हरिद्वार में होगी प्रदेश कार्यसमिति की बैठक

 | 
उत्तराखंड चुनाव की तैयारी में जुटी भाजपा, 21-22 नवंबर को हरिद्वार में होगी प्रदेश कार्यसमिति की बैठक


देहरादून, 10 नवंबर (हि.स.)। उत्तराखंड में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियों के मद्देनजर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की विस्तृत प्रदेश कार्यसमिति की बैठक 21 और 22 नवंबर को हरिद्वार में आयोजित की जाएगी। बैठक में आगामी सांगठनिक कार्यक्रमों और चुनावी रणनीति पर चर्चा की जाएगी।

भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने मंगलवार को बताया कि बैठक के पहले दिन 21 नवंबर को प्रदेश संयुक्त मोर्चा कार्यसमिति की बैठक होगी। इसमें पार्टी के अब तक संपन्न और वर्तमान में चल रहे सांगठनिक कार्यक्रमों की समीक्षा की जाएगी। इसके अलावा आगामी कार्यक्रमों और 2027 के विधानसभा चुनाव की रणनीति पर चर्चा होगी।

उन्होंने बताया कि इसी दिन पार्टी के सभी मोर्चों की संयुक्त प्रदेश कार्यसमिति और शाम को प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक भी होगी। दूसरे दिन 22 नवंबर को विस्तृत प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में आगामी कार्यक्रमों की कार्ययोजना और चुनावी रणनीति को अंतिम रूप दिया जाएगा।

चौहान के अनुसार, बैठक में भाजपा के प्रदेश प्रभारी राम माधव, सह प्रभारी अरविंद मेनन और बांसुरी स्वराज, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सदस्य महेंद्र भट्ट तथा प्रदेश महामंत्री संगठन फणींद्रनाथ शर्मा शामिल होंगे।

उन्होंने बताया कि इससे पहले 15 नवंबर से मसूरी में प्रदेश प्रभारी राम माधव और प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के नेतृत्व में बैठक होगी। इसमें प्रदेश सह प्रभारी, संगठन महामंत्री, प्रदेश महामंत्री, पदाधिकारी और विभिन्न मोर्चों के प्रदेश अध्यक्ष शामिल होंगे। बैठक में दिसंबर में आयोजित होने वाले सांगठनिक कार्यक्रमों और चुनावी तैयारियों की रूपरेखा तय की जाएगी।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय