home page

चंपावत प्रकरण को लेकर भाजपा का कांग्रेस पर हमला

 | 

-महामंत्री दीप्ति रावत ने षड्यंत्र की आशंका जताई

देहरादून, 08 मई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत ने चंपावत में पांच मई को सामने आए कथित दुष्कर्म प्रकरण को लेकर कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि पूरे मामले को प्री-प्लान और साजिश के तहत अंजाम दिया गया है और भाजपा सरकार की छवि खराब करने का प्रयास किया जा रहा है।

भाजपा महामंत्री दीप्ति रावत ने शुक्रवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में कहा कि कांग्रेस नेता आनंद मेहरा लगातार अपने बयान बदल रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग झूठे आरोप लगाकर प्रदेश का माहौल बिगाड़ने का प्रयास कर रहे हैं।

दीप्ति रावत ने कहा कि विधानसभा चुनाव की तैयारी कर रहे आनंद मेहरा को सकारात्मक राजनीति करनी चाहिए न कि बीना तथ्यों को बदनाम करें। उन्होंने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष से इस मामले में सार्वजनिक माफी मांगने की मांग की। साथ ही पूरे प्रकरण में शामिल लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग भी की।

उन्होंने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल को घेरते हुए कहा कि हर बात पर बीना समझे बयान देते हैं। अब उनको इसके लिए माफी मांगनी चाहिए। कुछ दिन पहले भाजपा विधायक अरविंद पाण्डेय के पत्र को लेकर बदनाम किया गया। ऐसे कई मौके पर कांग्रेस भाजपा की छवि को बदनाम करने की पूरी कोशिश की लेकिन जनता उनके गलत इरादों को समझने लगी है।

उन्होंने आरोप लगाया कि कमल रावत सहित कुछ लोग मिलकर षड्यंत्र रच रहे हैं और बच्ची को सिखाकर वीडियो बनवाए जा रहे हैं। भाजपा नेता ने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और साजिश में शामिल लोगों पर सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। पत्रकार वार्ता में महिला मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट, लक्ष्मी अग्रवाल और डॉ. दिव्या नेगी भी उपस्थित रहे।

----

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय