अब भाजपा सरकार पश्चिम बंगाल को बनाएगी 'सोनार बांग्ला': सतपाल महाराज
चारधाम यात्रा के प्रति बंगाली श्रद्धालुओं की अटूट आस्था बताई
देहरादून, 08 मई (हि.स.)। कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में भाजपा के प्रति विश्वास लगातार मजबूत हुआ है और अब भाजपा सरकार पश्चिम बंगाल को “सोनार बांग्ला” बनाएगी।
मंत्री सतपाल महाराज ने शुक्रवार को जारी एक बयान में पश्चिम बंगाल, पुडुचेरी और असम में भाजपा-एनडीए गठबंधन की जीत को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि यह, 'कश्मीर से कन्याकुमारी और गंगोत्री से गंगासागर' तक फैलते उस भारत की तस्वीर है, जो भ्रष्टाचार मुक्त, तुष्टिकरण मुक्त और विकासयुक्त शासन चाहता है।
सतपाल महाराज ने कहा कि गंगा मैया के उद्गम गंगोत्री से लेकर गंगासागर तक भाजपा की विचारधारा को समर्थन मिला है। उन्होंने इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और पार्टी नेतृत्व के “नए भारत-विकसित भारत” संकल्प की जीत बताया।
उन्होंने उत्तराखंड और पश्चिम बंगाल के सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक संबंधों का उल्लेख करते हुए कहा कि गंगा का उद्गम गोमुख ग्लेशियर से होता है और वही गंगा पश्चिम बंगाल में बंगाल की खाड़ी में मिलती है।
पर्यटन मंत्री ने कहा कि चारधाम यात्रा के प्रति बंगाल के लोगों की विशेष आस्था है। उनके अनुसार चारधाम यात्रा में आने वाले श्रद्धालुओं में 30 से 35 प्रतिशत यात्री अकेले बंगाल से आते हैं। बंगाली परिवारों में “जीवन में एक बार चारधाम यात्रा” की परंपरा रही है। उन्होंने कहा कि ऋषिकेश, हरिद्वार और जोशीमठ में बंगाली समाज द्वारा अनेक होटल और धर्मशालाएं स्थापित की गई हैं। उन्होंने बताया कि बंगाल और उत्तराखंड के बीच धार्मिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक संबंध लंबे समय से रहे हैं।
सतपाल महाराज ने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने बद्रीनाथ धाम में तपस्या की थी और प्रसिद्ध बेलूर मठ की शाखा भी जोशीमठ में संचालित है। उन्होंने कहा कि हरिद्वार और ऋषिकेश बंगाली संतों की तपस्थली रहे हैं, जबकि देवप्रयाग संगम को बंगाली श्रद्धालु 'छोटा गंगासागर' मानते हैं। उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन का उल्लेख करते हुए कहा कि रास बिहारी बोस, अरविंद सहित कई बंगाली क्रांतिकारियों ने स्वतंत्रता संग्राम के दौरान उत्तराखंड में समय बिताया था।
महाराज ने भाजपा की जीत को समर्पित कार्यकर्ताओं की जीत बताते हुए कहा कि गृह मंत्री अमित शाह के विजन के अनुरूप भाजपा सरकार अब 'बंगाल को सोनार बांग्ला' बनाने की दिशा में कार्य करेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

