विधानसभा सत्र में सरकार की नहीं, कांग्रेस की हुई घेरेबंदी: विनोद चमोली
देहरादून, 15 मार्च (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश प्रवक्ता और धर्मपुर विधायक विनोद चमोली ने कांग्रेस के आरोपों को हास्यास्पद बताते हुए कहा कि गैरसैंण में विधानसभा सत्र के दौरान विपक्ष सरकार की घेरेबंदी करने में विफल रहा और इसके बजाय कांग्रेस स्वयं बेनकाब हो गई। कांग्रेस को अब जनता के सवालों का सामना करना पड़ेगा।
नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य के बयानों पर रविवार को प्रतिक्रिया देते हुए विनोद चमोली कहा कि गैरसैंण सत्र में जनता से जुड़े मुद्दों पर सार्थक मंथन और सकारात्मक विपक्ष की उम्मीद थी, लेकिन कांग्रेस इस भूमिका को निभाने में असफल रही। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने सड़क और सदन दोनों जगह एक जैसा व्यवहार किया और कई बार सदन की गंभीरता को भी प्रभावित किया। राज्यपाल के अभिभाषण के दौरान भी कांग्रेस ने विकास के मुद्दों पर चर्चा के बजाय विरोध को प्राथमिकता दी।
विनोद चमोली ने कहा कि कांग्रेस ने पहले विधानसभा सत्र की अवधि को लेकर कई आशंकाएं और आरोप लगाए थे, लेकिन वे सभी निराधार साबित हुए। उन्होंने कहा कि सत्र की कार्यवाही ऐतिहासिक रही और सरकार सदन को अधिक समय तक चलाने के पक्ष में थी,जबकि सदन का संचालन निर्धारित कार्यसूची के आधार पर ही होता है।
उन्होंने कहा कि राज्य का बजट आकार भी बढ़ा है और इससे प्रदेश में विकास योजनाओं को गति मिलेगी। बजट में सभी वर्गों की आवश्यकताओं का ध्यान रखा गया है। कानून-व्यवस्था को लेकर कांग्रेस द्वारा लगाए जा रहे आरोपों को निराधार बताते हुए चमोली ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में लागू सख्त नकल विरोधी कानून के कारण अब योग्य अभ्यर्थियों को अवसर मिल रहा है और राज्य में पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया सुनिश्चित हुई है।
उन्होंने यह भी कहा कि खनन और शराब जैसे क्षेत्रों में पहले सक्रिय माफिया तंत्र पर कार्रवाई कर इन्हें राज्य की अर्थव्यवस्था के वैध स्रोत के रूप में विकसित किया जा रहा है। चमोली ने कहा कि आने वाले समय में कांग्रेस को जनता के सवालों का जवाब देना होगा।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

