भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भट्ट का कांग्रेस पर तंज, कहा- उनके पास उम्मीदवार नहीं
देहरादून, 28 मार्च (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कहा कि जिन नेताओं को भाजपा से अनुशासनहीनता के चलते पहले ही निष्कासित किया जा चुका है, उन्हें अब कांग्रेस अपने उम्मीदवार के रूप में आगे बढ़ाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि इससे स्पष्ट है कि कांग्रेस के पास अपने उम्मीदवारों की कमी है।
शनिवार को पार्टी मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत में महेंद्र भट्ट ने कहा कि कांग्रेस हमारे निकाले लोगों को चुनाव में आगे बढ़ाना चाहती है क्योंकि कल तक कांग्रेस कहती थी कि भाजपा के पास लोग नहीं है वह हमारी पार्टी से नेताओं को ले जा रही है। अब स्वयं कांग्रेस हमारे निकाले हुए लोगों को अपनी पार्टी में शामिल कर चुनाव में उतरना चाहती है जो 2027 के चुनावों में भाजपा की तीसरी बार सरकार बनाने का स्पष्ट संकेत है।
उन्होंने कहा कि भाजपा में शामिल होने वाला प्रत्येक व्यक्ति संगठन का कार्यकर्ता होता है और उसकी क्षमता एवं उपयोगिता के अनुसार संगठन एवं सरकार में जिम्मेदारी दी जाती है।
वहीं उन्होंने सरकार में दायित्वधारियों की नई सूची को लेकर स्पष्ट किया कि दायित्वधारियों की नई सूची मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के देहरादून लौटने के बाद शीघ्र जारी की जाएगी। भट्ट के अनुसार मुख्यमंत्री की व्यस्तताओं के कारण सूची जारी होने में विलंब हुआ है।
घनसाली विधायक शक्तिलाल शाह ने पूर्व विधायक भीम लाल के कांग्रेस में शामिल होने पर प्रतिक्रिया देते हुए इसे 'भ्रष्टाचारियों का स्वाभाविक मिलन' बताया। उन्होंने कहा कि जनता पहले ही दोनों को नकार चुकी है और आगामी चुनावों में भी यही स्थिति बनी रहेगी।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

