श्वेत पत्र की मांग के बजाय सच्चाई स्वीकार करे कांग्रेस: मनवीर सिंह चौहान
देहरादून, 23 मार्च (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस के राज्य में विकास कार्यों को लेकर श्वेत पत्र जारी करने की मांग को लेकरपलटवार किया है। भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने कहा कि विकास कार्यों को लेकर श्वेत पत्र की मांग करने के बजाय कांग्रेस को जमीनी सच्चाई स्वीकार करनी चाहिए।
भाजपा नेता मनवीर सिंह चौहान सोमवार को विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य के बयान पर प्रतिक्रिया दे रहे थे। मनवीर चौहान ने कहा कि कांग्रेस की ओर से उठाया गया चार साल के कार्यकाल के अभियान को केवल राजनीतिक भ्रम फैलाने का प्रयास है, जबकि राज्य में विकास के स्पष्ट प्रमाण मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में सरकार ने शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्रों में व्यापक कार्य किए हैं। केंद्र सरकार के सहयोग से मुफ्त राशन योजना, गैस सब्सिडी सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से लाखों परिवारों को लाभ पहुंचाया गया है।
मनवीर चौहान ने कहा कि राज्य में पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया लागू की गई है और नकल विरोधी सख्त कानून से युवाओं के भविष्य को सुरक्षित किया गया है। हजारों पदों पर नियुक्तियां की गई हैं। स्वास्थ्य क्षेत्र में मेडिकल कॉलेजों का विस्तार और जिला अस्पतालों के सुदृढ़ीकरण के साथ दूरस्थ क्षेत्रों तक सेवाएं पहुंचाई गई हैं। उन्होंने बताया कि शिक्षा क्षेत्र में सरकारी स्कूलों में स्मार्ट क्लास, डिजिटल संसाधन और शिक्षकों की नियुक्ति के माध्यम से सुधार किए गए हैं। पलायन रोकने के लिए स्वरोजगार योजनाएं, होमस्टे नीति तथा सड़क एवं कनेक्टिविटी में सुधार से पहाड़ी क्षेत्रों में आजीविका के अवसर बढ़े हैं और पर्यटन को भी बढ़ावा मिला है।
कानून-व्यवस्था के संबंध में उन्होंने कहा कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है और महिलाओं की सुरक्षा के लिए विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं। भ्रष्टाचार के मामलों में जीरो टॉलरेंस नीति के तहत 200 से अधिक लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि उसे अपने पूर्व कार्यकाल की समीक्षा करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार पारदर्शिता,जवाबदेही और विकास के प्रति प्रतिबद्ध है तथा इन्हीं मुद्दों के आधार पर जनता के बीच जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

