home page

महिला आरक्षण के नाम पर लोकतंत्र से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं : सुप्रिया श्रीनेत

 | 
महिला आरक्षण के नाम पर लोकतंत्र से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं : सुप्रिया श्रीनेत


देहरादून, 21 अप्रैल (हि.स.)। उत्तराखंड पहुंची कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने मंगलवार को नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि केन्द्र की भाजपा सरकार ने महिला आरक्षण के नाम पर देश के लोकतंत्र, संघीय ढांचे और संविधान के साथ खिलवाड़ करने की कोशिश की, जिसे संसद में करारी हार मिली है।

उत्तराखंड कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में आयोजित प्रेस वार्ता में सुप्रिया श्रीनेत ने कहा कि 2023 में पारित महिला आरक्षण कानून को जानबूझकर परिसीमन और पुरानी जनगणना से जोड़ दिया गया, जबकि उसमें ओबीसी वर्ग की महिलाओं के लिए कोई प्रावधान नहीं किया गया। यह स्पष्ट था कि ऐसा कानून लागू करना असंभव बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हम महिला आरक्षण के पूरी तरह पक्ष में हैं, लेकिन महिलाओं के नाम पर देश को बांटने की साजिश को कभी स्वीकार नहीं करेंगे।

कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि जब देश की महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान का सवाल आता है, तब सरकार पूरी तरह विफल साबित हुई है, चाहे उन्नाव हो या अंकिता भंडारी मामला हो। श्रीनेत ने आरोप लगाया कि सरकार का असली एजेंडा महिला आरक्षण नहीं, बल्कि परिसीमन के जरिए राजनीतिक लाभ लेना है।

सुप्रिया श्रीनेत ने कहा कि भाजपा का महिला आरक्षण विरोध का लंबा इतिहास रहा है और कांग्रेस ने 73वें व 74वें संविधान संशोधन के जरिए महिलाओं को वास्तविक प्रतिनिधित्व दिया है। उन्होंने कहा कि इतने महत्वपूर्ण विषय पर न सर्वदलीय बैठक बुलाई गई और न ही व्यापक चर्चा की गई, जिससे सरकार की मंशा पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं।

प्रेस वार्ता में उत्तराखंड कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गणेश गोदियाल, प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी, नेशनल कोऑर्डिनेटर सोशल मीडिया सरदार अमरजीत सिंह, प्रदेश प्रवक्ता अभिनव थापर, शीशपाल सिंह बिष्ट आदि मौजूद रहे।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ विनोद पोखरियाल