home page

जन संघर्ष मोर्चा की बैठक में सामाजिक मुद्दों पर चर्चा, चंदा प्रकरण और पेड़ों की कटाई पर जताया रोष

 | 
जन संघर्ष मोर्चा की बैठक में सामाजिक मुद्दों पर चर्चा, चंदा प्रकरण और पेड़ों की कटाई पर जताया रोष


हरिद्वार, 12 जुलाई (हि.स.)। जन संघर्ष मोर्चा की बैठक रविवार को आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न सामाजिक और जनहित से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई। बैठक में संगठन के पदाधिकारियों ने प्रभु धाम चंदा प्रकरण, बद्री-केदार एवं राम मंदिर से जुड़े कथित चंदा मामले तथा ऋषिकेश-देहरादून मार्ग चौड़ीकरण के दौरान पेड़ों की कटाई को लेकर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की।

प्रदेश अध्यक्ष गुलशन खत्री ने कहा धार्मिक स्थलों से जुड़े चंदे में कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि विकास के नाम पर ऋषिकेश-देहरादून मार्ग के चौड़ीकरण के दौरान मानसून में भी बड़ी संख्या में पेड़ों की कटाई की जा रही है, जिससे पर्यावरण को नुकसान पहुंच रहा है। उन्होंने सरकार से इस कार्रवाई पर तत्काल रोक लगाने की मांग की।

जिलाध्यक्ष सुंदर उपाध्याय ने कहा कि बद्री-केदार, प्रभु धाम और राम मंदिर से जुड़े कथित चंदा प्रकरण ने करोड़ों श्रद्धालुओं की भावनाओं को आहत किया है। उन्होंने सरकार से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की।

उपाध्यक्ष रणवीर शर्मा ने कहा कि केदारपुरी और बद्रीनाथ करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था के केंद्र हैं। उनका कहना था कि यदि धार्मिक स्थलों से जुड़े चंदे में किसी प्रकार की गड़बड़ी हुई है तो दोषियों को कठोर दंड दिया जाना चाहिए।

बैठक का संचालन करते हुए कार्यवाहक जिलाध्यक्ष रमेश वर्मा ने कथित चंदा प्रकरण को गंभीर बताते हुए सरकार से पेड़ों की कटाई पर तत्काल रोक लगाने और पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला